देश की खबरें | कांग्रेस किसी भी समय चुनाव के लिये तैयार: सिद्धरमैया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि पार्टी कर्नाटक में किसी भी समय चुनाव का सामना करने के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने कहा कि जल्द विधानसभा चुनाव की कोई संभावना नहीं है।
बेंगलुरू, 19 जुलाई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धरमैया ने सोमवार को कहा कि पार्टी कर्नाटक में किसी भी समय चुनाव का सामना करने के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने कहा कि जल्द विधानसभा चुनाव की कोई संभावना नहीं है।
राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को हटाने को लेकर चल रही अटकलों के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सिद्धरमैया ने कहा कि अच्छा है कि ''भ्रष्ट मुख्यमंत्री'' जाने वाले हैं।
सिद्धरमैया से पूछा गया कि यदि भाजपा अपने आंतरिक संकट से निपटने में नाकाम रही तो क्या कांग्रेस चुनाव के लिये तैयार है। इसपर उन्होंने कहा, ''कांग्रेस किसी भी समय चुनाव के लिये तैयार है।''
सिद्धरमैया ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ''मुझे नहीं लगता कि यदि येदियुरप्पा को हटा दिया गया तो जल्द चुनाव होंगे। किसी अन्य व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा। हम किसी भी समय चुनाव के लिये तैयार हैं।''
कर्नाटक की विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 2023 में समाप्त होना है।
कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब एक ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद अटकलों का एक नया दौर शुरू हो गया है कि 78 वर्षीय मुख्यमंत्री येदियुरप्पा को हटाया जा सकता है। कथित ऑडियो क्लिप कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नलिनी कुमार कतील की बताई जा रही है, जो राज्य में संभावित नेतृत्व परिवर्तन की ओर इशारा कर रहे हैं। हालांकि कतील ने इसे फर्जी बताते हुए खारिज कर दिया है।
काफी समय से येदियुरप्पा को बदले जाने की बात कह रहे सिद्धरमैया ने ऑडियो क्लिप पर एक सवाल के जवाब में कहा कि अच्छा है कि एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री जा रहा है।
उन्होंने कहा, '''मैंने पहले कहा था कि मुख्यमंत्री बदला जाएगा... आप (मीडिया) में से किसी ने विश्वास नहीं किया। मुझे इसके बारे में शुरू से ही जानकारी थी।
सिद्धारमैया ने कहा, ''येदियुरप्पा को हटाने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला ..जनता फैसला करेगी।''
इस बीच, कांग्रेस आलाकमान से मिलने दिल्ली जा रहे सिद्धरमैया ने अपनी यात्रा के बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के मुद्दों पर पार्टी मंच पर चर्चा की जानी चाहिए।
सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार आलाकमान के बुलावे पर सोमवार रात नयी दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं।
दोनों नेताओं के दरम्यान अनबन की खबरों के बीच इस यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2021 07:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

