देश की खबरें | कांग्रेस ने वाणिज्य पर संसदीय समिति के अध्यक्ष पद के लिये अभिषेक मनु सिंघवी को नामित किया

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी को वाणिज्य पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में नामित किया है।

यह कदम विपक्षी दल को गृह मामलों की संसदीय समिति और सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय समिति के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के कुछ दिनों बाद उठाया गया है।

सिंघवी जहां गृह मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष थे, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी पर संसदीय समिति की अध्यक्षता शशि थरूर कर रहे थे।

कांग्रेस को रसायन और उर्वरक पर स्थायी समिति की अध्यक्षता भी दी गई है, लेकिन पार्टी ने अभी तक इस पद पर नामित करने के लिये किसी भी व्यक्ति के नाम पर फैसला नहीं किया है।

लोकसभा और राज्यसभा दोनों के सचिवालयों द्वारा अधिसूचित संसदीय समिति के नवीनतम पुनर्गठन में, कई समितियों के अध्यक्षों को बदल दिया गया है।

सिंघवी की जगह भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल को गृह मामलों की संसद की स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

पार्टी के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे थरूर की जगह एकनाथ शिंदे गुट से आने वाले शिवसेना सांसद प्रतापराव जाधव को सूचना प्रौद्योगिकी मामले पर संसद की स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

सरकार की आलोचना करने वाले कई विषयों को उठाने के चलते थरूर की अध्यक्षता वाली समिति साल भर चर्चा में रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)