देश की खबरें | कांग्रेस, राकांपा ने नवाब मलिक को दी गई अंतरिम जमानत का स्वागत किया

मुंबई, 11 अगस्त राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस ने धनशोधन के मामले में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को उच्चतम न्यायालय द्वारा चिकित्सा आधार पर दी गई अंतरिम जमानत का शुक्रवार को स्वागत किया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों की गतिविधियों से कथित तौर पर संबद्ध मामले में नवाब मलिक को फरवरी 2022 में गिरफ्तार किया था।

राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाईड क्रैस्टो ने नवाब मलिक को दो महीने के लिए अंतरिम जमानत देने के लिए शीर्ष अदालत को धन्यवाद देते हुए कहा कि पूर्व मंत्री इस अवधि के दौरान अपनी कई स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज करा सकते हैं।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेस के विजय वडेट्टीवार ने भी नवाब मलिक को जमानत दिए जाने का स्वागत किया है।

इससे पहले, उच्चतम न्यायालय ने धनशोधन मामले में शुक्रवार को महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को चिकित्सा आधार पर दो महीने की अंतरिम जमानत दे दी।

धनशोधन मामले में बंबई उच्च न्यायालय ने 13 जुलाई को नवाब मलिक को चिकित्सा आधार पर जमानत देने से इनकार कर दिया था। उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उन्होंने शीर्ष अदालत का रुख किया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) धनशोधन मामले की जांच कर रहा है।

न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस और न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने कहा कि मलिक गुर्दे की बीमारी और अन्य बीमारियों के कारण अस्पताल में हैं, इसलिए उन्हें चिकित्सा आधार पर अंतरिम जमानत दी जाती है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता मलिक न्यायिक हिरासत में हैं और वर्तमान में मुंबई के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज हो रहा है। मलिक ने उच्च न्यायालय से राहत की मांग करते हुए दावा किया था कि वह कई अन्य गंभीर बीमारियों के अलावा गुर्दे के गंभीर रोग से भी पीड़ित है। उन्होंने चिकित्सा आधार पर जमानत की भी मांग की थी।

उच्च न्यायालय ने कहा था कि वह दो सप्ताह के बाद चिकित्सा के आधार पर जमानत की मांग करने वाली उनकी याचिका पर सुनवाई करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)