कटक, 11 जुलाई कांग्रेस विधायक मोहम्मद मुकीम ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के चचेरे भाई दिलीप पटनायक को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
बाराबती-कटक विधानसभा सीट से विधायक मुकीम ने कहा कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र के तहत पड़ने वाले तुलसीपुर इलाके में स्थित आनंद भवन में दिलीप पटनायक से मिलने गये।
मुकीम ने कहा कि उनके (दिलीप के) बीमार होने और खराब स्थिति में रहने की सूचना मिलने के बाद वह वहां गये थे।
उन्होंने ट्विटर पर कहा, ‘‘ एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के नाते मैंने इस विषय पर ध्यान दिया और उन्हें (दिलीप को) मदद की जरूरत थी। मुझे उम्मीद है कि मुख्यमंत्री को जब सूचना मिलेगी तब वह अपने भाई के लिए अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ मदद करेंगे।’’
दिलीप पटनायक, नवीन पटनायक के पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक के बड़े भाई जॉर्ज पटनायक के बेटे हैं। एक सड़क दुर्घटना के बाद दिलीप की वित्तीय एवं स्वास्थ्य स्थिति खराब हो गई है।
दिलीप ने कहा, ‘‘हमने (दिलीप और नवीन ने) बचपन में आनंद भवन में काफी समय बिताया है। मुझे यह सबसे अधिक पीड़ा देता है कि नवीन किसी से कोई संबंध नहीं रखे हैं...।’’
दिलीप की बहन रेखा ने कहा कि उनकी मां का निधन हो जाने पर नवीन उनके परिवार से मिलने आये थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY