देश की खबरें | हरियाणा से कांग्रेस विधायक ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की,जूते उतारे और धोती पहनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने शहर की नगर पालिका में 2014 से 2021 तक कथित घोटाले में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मंगलवार को विधानसभा के अंदर अपने जूते उतार दिए और ‘धोती’ पहनी।
चंडीगढ़, 22मार्च फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने शहर की नगर पालिका में 2014 से 2021 तक कथित घोटाले में शामिल अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मंगलवार को विधानसभा के अंदर अपने जूते उतार दिए और ‘धोती’ पहनी।
प्रश्नकाल के दौरान सभी उस वक्त हैरान रह गए जब शर्मा ने अपने जूते उतार दिए और कुछ समय के लिए राज्य विधानसभा से बाहर चले गए। इसके बाद जब वह लौटे तो उन्होंने सफेद रंग की ‘धोती’ और शरीर के ऊपरी हिस्से में सफेद सूती कपड़ा लपेटा हुआ था।
शर्मा ने प्रश्नकाल के दौरान प्रश्न उठाया था जिसमें उन्होंने 2014 से 2021 तक फरीदाबाद नगर निगम में सामने आए ‘घोटालों’ की संख्या बताने की मांग की थी साथ ही उन मामलों की संख्या भी बताने की मांग की थी जिन्हें जांच के लिए सतर्कता विभाग को सौंपा गया।
राज्य के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने आश्वासन दिया कि जो कोई भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा, इसके बावजूद शर्मा ने कम से कम एक दोषी अधिकारी को सजा मिलने तक ‘‘सिले हुए कपड़े’’ और जूते नहीं पहनने का प्रण लिया।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा और समयबद्ध तरीके से जांच की जाएगी। हालांकि उन्होंने शर्मा के विरोध के तरीके पर अप्रसन्नता जताई।
खट्टर ने बाद में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी पाए गए किसी को भी नहीं बख्शेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)