देश की खबरें | कई चोरियों से 'दुखी' हुए दौसा से कांग्रेस विधायक बैरवा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान के दौसा से कांग्रेस के निर्वाचित विधायक दीन दयाल बैरवा अपने यहां हुई कई कथित चोरियों से 'दुखी' हो गए हैं। एक महीने से भी कम समय में उनके मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल के बाद अब उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कथित तौर पर चोरी हो गई है।
जयपुर, सात जुलाई राजस्थान के दौसा से कांग्रेस के निर्वाचित विधायक दीन दयाल बैरवा अपने यहां हुई कई कथित चोरियों से 'दुखी' हो गए हैं। एक महीने से भी कम समय में उनके मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल के बाद अब उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली कथित तौर पर चोरी हो गई है।
बैरवा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘दौसा में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस नाम की रह गई हैं। 11 जून को मेरा मोबाइल चोरी होना, मेरे निजी निवास से 14 जून को मोटर साइकिल व आज रात को ट्रैक्टर-ट्रॉली का चोरी होना अपने आप में कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह है? मेरा निवेदन है कि पुलिस जल्द कार्यवाही करे।’’
दरअसल विधायक की परेशानी 11 जून को शुरू हुई, जब दौसा में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजेश पायलट की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित एक प्रार्थना सभा के दौरान बैरवा का मोबाइल फोन चोरी हो गया।
उन्होंने सोमवार को कहा, ‘‘इससे पहले मेरे घर से एक कील भी नहीं चोरी हुई थी। और अब ये तीन लगातार चोरियां हो गई हैं।’’
दौसा के पुलिस अधीक्षक सागर ने कहा, ‘‘अभी तक हमें ट्रैक्टर-ट्रॉली की चोरी के बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। मोबाइल फोन के लिए, हमें शिकायत मिली थी और प्राथमिकी दर्ज की गई थी।’’
बैरवा ने कहा कि उन्होंने आज सुबह पुलिस अधीक्षक से बात की जिन्होंने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पार्टी ने इस मामले के हवाले से राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर भारतीय जनता पाटी्र (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने 'एक्स' पर लिखा, "हाल-ए-राजस्थान ... डकैतों का बोलबाला, विधायक तक सुरक्षित नहीं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘माननीय मुख्यमंत्री जी, आपके गृह विभाग मतलब प्रदेश की कानून व्यवस्था इतनी बदहाल हो चुकी है कि दौसा के विधायक बैरवा जी का पहले मोबाइल चोरी, फिर विधायक निवास से मोटरसाइकिल चोरी और आज रात ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी। यह कोई साधारण बात नहीं है, जब एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि (विधायक) ही असुरक्षित है, तो आम जनता की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।’’
उल्लेखनीय है कि पहली बार विधायक बने बैरवा पिछले साल नवंबर में दौसा से उपचुनाव में चुने गए थे।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 11:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

