देश की खबरें | कांग्रेस नेतृत्व अहमद पटेल की सलाह की कमी महसूस कर रहा : शंकर सिंह वाघेला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने बृहस्पतिवार को कहा कि अहमद पटेल के निधन के बाद कांग्रेस में ऐसा कोई नेता नहीं है जो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन कर सके और इसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ रहा है।

गांधीनगर, 17 मार्च गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने बृहस्पतिवार को कहा कि अहमद पटेल के निधन के बाद कांग्रेस में ऐसा कोई नेता नहीं है जो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन कर सके और इसका खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ रहा है।

एक दिन पहले दिल्ली में कांग्रेस के असंतुष्ट माने जाने वाले जी-23 गुट के नेताओं की बैठक में शामिल हुए वाघेला ने यहां अपने आवास पर संवाददाताओं से यह बात कही।

गौरतलब है कि 2017 में कांग्रेस छोड़ने के बाद वाघेला खुद अब किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं।

कांग्रेस के पूर्व दिग्गज नेता ने उत्तर प्रदेश चुनाव की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी वाद्रा को देने के कांग्रेस के फैसले को 'मिस फायर' करार दिया।

उन्होंने कहा, "चुनावों में कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन से पता चलता है कि पार्टी अहमद पटेल की कमी महसूस कर रही है। उनके निधन के बाद, उनकी जगह लेने और नेतृत्व का मार्गदर्शन करने वाला कोई नहीं है। अगर पार्टी को उनके जैसा कोई मिल गया होता, तो यह जी -23 जैसे गुट बनाने का कोई कारण नहीं था।"

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार और एक भरोसेमंद विश्वासपात्र अहमद पटेल का 2020 में निधन हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\