देश की खबरें | कांग्रेस नेताओं ने तनिष्क के विज्ञापन से जुड़े विवाद पर हैरानी जताई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के कई नेताओं ने आभूषण ब्रांड तनिष्क के एक विज्ञापन से जुड़े विवाद को लेकर मंगलवार को हैरानी जताई और कहा कि इस कंपनी के खिलाफ इस तरह के ‘नफरत भरे अभियान’ के मद्देनजर ही देश में हिंदू-मुस्लिम एकता के और प्रतीकों की जरूरत है।
नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर कांग्रेस के कई नेताओं ने आभूषण ब्रांड तनिष्क के एक विज्ञापन से जुड़े विवाद को लेकर मंगलवार को हैरानी जताई और कहा कि इस कंपनी के खिलाफ इस तरह के ‘नफरत भरे अभियान’ के मद्देनजर ही देश में हिंदू-मुस्लिम एकता के और प्रतीकों की जरूरत है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि इस विज्ञापन पर विवाद पैदा करके कट्टरपंथी लोग नफरत को अति तक ले गए हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘तनिष्क के सुंदर विज्ञापन को लेकर खड़े हुए विवाद से हैरान हूं। ये कट्टरपंथी नफरत को अति तक लेकर चले गए हैं।’’
लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा, ‘‘तनिष्क के खिलाफ नफरत भरा अभियान ही वो कारण है जिससे हमें हिंदू-मुस्लिम एकता के और प्रतीकों की जरूरत है। हमें ऐसे भारत और उसके युवाओं का जश्न मनाने की जरूरत है जो धर्म, लिंग, जाति और रंग की दीवार तोड़ते हैं। तनिष्क भले ही झुक गया हो, लेकिन भारतीय नहीं झुकेंगे। जय हिंद।’’
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्वीट किया, ‘‘तनिष्क, तुम कट्टरपंथियों के सामने क्यों झुक गए? तुम्हारा विज्ञापन बहुत खूबसूरत है। यह विविधता और प्रेम का जश्न है। घटिया सोच के लोग ही इसमें इसके अतिरिक्त कुछ देख सकते हैं। निराश हूं कि तुम नफरत के सामने झुक गए।’’
गौरतलब है कि आभूषण ब्रांड तनिष्क ने मंगलवार को अपने उस विज्ञापन को वापस ले लिया जिसमें दो अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोगों के एक परिवार को दिखाया गया है। तनिष्क ने सोशल मीडिया पर तीखे हमले किये जाने के बाद अपना विज्ञापन वापस ले लिया जिसमें कुछ लोगों ने उस पर ‘लव जिहाद’ और ‘फर्जी धर्मनिरपेक्षता’ को बढ़ावा देने के आरोप लगाये थे।
कंपनी के इस कदम को लेकर सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर तीव्र बहस शुरू हो गई। तनिष्क ने अपने आभूषण संग्रह ‘एकत्वम’ को बढ़ावा देने के लिए विज्ञापन पिछले सप्ताह जारी किया था और तभी से इसे लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)