जयपुर, 14 सितंबर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को सनातन धर्म के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस नेताओं को सनातन धर्म से शर्म आती है और वे इसे खत्म करना चाहते हैं, लेकिन सनातन धर्म है और रहेगा।
ठाकुर भीलवाड़ा के शाहपुरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा,‘‘कांग्रेसियों को तो शर्म आती है सनातन धर्म से.. खत्म करना चाहते हैं सनातन धर्म को, हिंदुओं का अपमान करना चाहते हैं... बाबा साहब आंबेडकर के दिये हुए संविधान को कुचलना चाहते हैं।’’
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस और उनके सहयोगी दल के नेता प्रतिदिन कहते हैं कि सनातन धर्म को खत्म करके रहेंगे और वे हिंदुओं को अपमान करने की कोई कसर नहीं छोड़ते।
ठाकुर ने कहा, ‘‘मुगल आये और चले गये.. मुगलों ने भी सपना देखा सनातन को खत्म करने का.. अंगेज आये और चले गये.. कांग्रेसी आये और चले जायेंगे.. सनातन है, सनानत था और सनातन रहेगा। जो कांग्रेस सपने में नहीं सोच सकती थी वो हमने किया है।’’
इसके साथ ही ठाकुर ने कानून व्यवस्था, प्रश्नपत्र लीक, भ्रष्टाचार को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर हमला बोला और कहा कि इस सरकार को उखाड़ने का समय आ गया है। ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की आपसी लड़ाई में राज्य को नुकसान हुआ।
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए वोट मांगते हुए उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान को बचाना है, तो कमल का फूल खिलाना है.. फिर भाजपा को सत्ता में लाना है।
उन्होंने कहा कि अगर राजस्थान को बचाना है तो डबल इंजन की सरकार को लाना है और कमल का फूल खिलाकर मोदी जी को राजस्थान को आगे बढ़ाने के लिये मौका देना है। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कुंज पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY