देश की खबरें | ऑस्कर फर्नांडिस का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचे कांग्रेस नेता पुजारी, पाटिल

मंगलुरु, 21 जुलाई कांग्रेस सांसद एम. बी. पाटिल ने बुधवार को बताया कि डॉक्टरों की एक टीम पूर्व केन्द्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस की सेहत पर लगातार नजर रखे हुए है।

पूर्व मंत्री पाटिल, गिरने के कारण अस्पताल में भर्ती 80 वर्षीय कांग्रेस नेता का हालचाल लेने अस्पताल गए थे।

उन्होंने बताया कि उडुपी और मणिपाल से आए विशेषज्ञ डॉक्टर फर्नांडिस की सेहत का ख्याल रख रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी नेता राहुल गांधी, फर्नांडिस के परिवार के संपर्क में है और उनका हालचाल ले रहे हैं।

शहर के अट्टावर स्थित अपने अपार्टमेंट में योग करने के दौरान रविवार को फर्नांडिस गिर गए थे। उनके सिर पर चोट आयी है और सामान्य जांच के दौरान पता चला कि उनके मस्तिष्क में खून का थक्का जमा हुआ है।

फर्नांडिस को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अनुभवी कांग्रेस नेता बी. जनार्दन पुजारी भी फर्नांडिस को देखने अस्पताल पहुंचे। अपनी खराब सेहत की परवाह किए बगैर पुजारी व्हीलचेयर से अस्पताल पहुंचे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)