एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | तेलंगाना में पत्नी की हत्या करने वाला कांग्रेस नेता गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तेलंगाना में पत्नी की हत्या करने के आरोप में कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | तेलंगाना में पत्नी की हत्या करने वाला कांग्रेस नेता गिरफ्तार

हैदराबाद, 29 जुलाई तेलंगाना में पत्नी की हत्या करने के आरोप में कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी 14 जुलाई को अपनी पत्नी को सिर में चोट लगने का हवाला देकर शहर के एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने जांच के दौरान और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर वल्लभ रेड्डी को अपनी पत्नी के साथ हाथापाई के बाद उसकी हत्या करने के आरोप में 26 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। दंपति की करीब 15 महीने पहले ही शादी हुई थी।

नारायणगुडा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई को घर में दंपति के बीच हाथापाई हुई और अचानक क्रोध में आकर वल्लभ रेड्डी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर हमला किया और उसका सिर दीवार और दरवाजे की चौखट पर दे मारा।

पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला बेहोश होकर गिर पड़ी और सिर में चोट लगने के कारण उसके पति ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के अधिकारियों ने इस घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने शुरू में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 174 (संदिग्ध मौत) के तहत मामला दर्ज किया।

इस सिलसिले में महिला के पिता ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि महिला के पेट में अंदरूनी चोटें भी आई थीं। पुलिस ने इसके आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 201 के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद फर्श और अन्य स्थानों से खून साफ किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2023 07:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).