देश की खबरें | कांग्रेस-झामुमो ने भाजपा विधायक को अयोग्य घोषित करने की मांग की

रांची, 21 अप्रैल झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत गठबंधन सहयोगियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कांके से विधायक समरी लाल को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। उनका दावा है कि समरी लाल का जाति प्रमाण पत्र राज्य सरकार ने हाल में अवैध पाया है।

कांग्रेस और झामुमो नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें विधानसभा से भाजपा विधायक के रूप में लाल की सदस्यता तत्काल रद्द करने की मांग की गई।

समरी लाल 2019 के विधानसभा चुनावों में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट कांके से चुने गए। उन्होंने कांग्रेस के सुरेश बैठा को हराया था।

कांग्रेस प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने कहा, ‘‘कांग्रेस और झामुमो का एक प्रतिनिधिमंडल हाल में राज्यपाल से मिला और एक ज्ञापन सौंपा। हमने मांग की कि झारखंड विधानसभा से समरी लाल की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द कर कांके सीट को रिक्त घोषित किया जाए।’’

कांके सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश बैठा ने 2019 के विधानसभा चुनाव में नामांकन के दौरान लाल के जाति प्रमाण पत्र को चुनौती देते हुए दावा किया था कि लाल राजस्थान के रहने वाले हैं और नौकरी की तलाश में रांची आए उनके पिता रांची में ही बस गए थे। कांग्रेस अधिकारियों ने कहा, इसलिए वह झारखंड में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट पर लाभ का दावा नहीं कर सकते।

कोशिश करने के बावजूद लाल से उनकी टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)