देश की खबरें | कांग्रेस को नरसिंह राव की उपलब्धियों और योगदान पर गर्व है: सोनिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव के साहसिक नेतृत्व के चलते देश कई चुनौतियों से पार पाने में सफल रहा और उनकी उपलब्धियों एवं योगदान पर पार्टी को गर्व है।
दिल्ली, 24 जुलाई कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव के साहसिक नेतृत्व के चलते देश कई चुनौतियों से पार पाने में सफल रहा और उनकी उपलब्धियों एवं योगदान पर पार्टी को गर्व है।
राव की याद में तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से शुरू किए गए जन्म शताब्दी समारोह के मौके पर भेजे संदेश में सोनिया ने यह टिप्पणी की।
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने संदेश में नरसिंह राव सरकार के पहले बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके योगदान की बदौलत आधुनिक भारत निरंतर आकार ले रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘ पी वी नरसिंह राव का जन्म शताब्दी वर्ष हम सभी के लिए मौका है कि हम एक बहुत विद्वान व्यक्तित्व को याद करें और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करें। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की राजनीति में लंबा जीवन बिताने के बाद वह ऐसे समय देश के प्रधानमंत्री बने जब गंभीर आर्थिक संकट था। उनके साहसिक नेतृत्व के चलते देश कई सारी चुनौतियों से पार पाने में सफल रहा।’’
यह भी पढ़े | उत्तराखंड: देशभर के श्रद्धालुओं के लिए खुली चारधाम यात्रा, इन नियमों का करना होगा पालन.
कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, 24 जुलाई, 1991 को पेश किए गए बजट ने हमारे देश में आर्थिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त किया। नरसिंह राव के कार्यकाल में देश ने कई राजनीतिक, सामाजिक और विदेश नीति की उपलब्धियां हासिल कीं। वह एक समर्पित कांग्रेसी थे जिन्होंने विभिन्न भूमिकाओं में पार्टी की पूरे समर्पण के साथ सेवा की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं तेलंगाना कांग्रेस कमेटी की ओर से किए गए आयोजन के लिए उसे बधाई देती हूं। कांग्रेस को उनकी विभिन्न उपलब्धियों और योगदान पर गर्व है।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हम एक ऐसे व्यक्ति की विरासत का जश्न मना रहे हैं जिनके योगदान के कारण आधुनिक भारत निरंतर आकार ले रहा है। किशोरावस्था में कांग्रेस में शामिल होने से लेकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का प्रधानमंत्री बनने तक के उनके लंबे राजनीतिक सफर के दौरान 24 जुलाई, 1991 को पेश बजट में उनकी छाप एवं प्रतिबद्धता दिखती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इस दिन भारत आर्थिक बदलाव के साहसिक मार्ग पर चला और नरसिंह राव जी और मनमोहन सिंह जी ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’
गौरतलब है कि राव का जन्म 28 जून, 1921 को हुआ था और उनका निधन 23 दिसंबर, 2004 को हुआ। वह 21 जून, 1991 से 16 मई, 1996 तक देश के प्रधानमंत्री रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)