देश की खबरें | सरकारी ठेकों में मुस्लिमों को आरक्षण की योजना बना रही है कांग्रेस: भाजपा

बेंगलुरु, पांच मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को आरोप लगाया कि कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकारी ठेकों में मुसलमानों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण की योजना बना रही है।

कर्नाटक की भाजपा इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने दावा किया कि जब राज्य भर में सभी विकास कार्य थम गए हैं, तब राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को सरकारी ठेकों में चार प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव कैबिनेट के समक्ष पेश करने का फैसला किया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि देश में कई अन्य समुदाय होने के बावजूद अल्पसंख्यकों को हमेशा मुसलमान के तौर पर संदर्भित क्यों किया जाता है। विजयेंद्र ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्या अल्पसंख्यक का मतलब सिर्फ मुसलमान होना चाहिए कोई और नहीं? कांग्रेस की अल्पसंख्यक तुष्टिकरण की नीतियां समाज में अशांति पैदा करेंगी।’’

उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया वाकई पिछड़े समुदायों के नेता हैं, जैसा कि वे खुद को पेश करने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें, उनको सशक्त बनाने के लिए नीतियां लानी चाहिए।

विजयेंद्र ने लोगों से सिद्धरमैया को उनकी अल्पसंख्यक तुष्टिकरण नीति के लिए सबक सिखाने की अपील की।

विजयपुरा के विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से अल्पसंख्यक तुष्टिकरण पर ध्यान केंद्रित कर रही है, इस तरह का आरक्षण संविधान विरोधी है।

उन्होंने दावा किया कि भारतीय संविधान के निर्माता बी आर आंबेडकर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के खिलाफ थे। यतनाल ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार संविधान और उसके बुनियादी सिद्धांतों के खिलाफ जा रही है।’’

भाजपा नेताओं ने कहा कि वे इस मुद्दे को कर्नाटक विधानसभा के मौजूदा सत्र में उठाएंगे।

इसको लेकर सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)