एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सल’ का गिरोह चला रहा : प्रधानमंत्री मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस को ‘‘अर्बन नक्सलियों का गिरोह’’ चला रहा है, और उन्होंने इस पार्टी के ‘‘खतरनाक एजेंडे’’ को विफल करने के लिए लोगों से एकजुट होने की अपील की।

देश की खबरें | कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सल’ का गिरोह चला रहा : प्रधानमंत्री मोदी

वाशिम (महाराष्ट्र), पांच अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को दावा किया कि कांग्रेस को ‘‘अर्बन नक्सलियों का गिरोह’’ चला रहा है, और उन्होंने इस पार्टी के ‘‘खतरनाक एजेंडे’’ को विफल करने के लिए लोगों से एकजुट होने की अपील की।

मोदी ने कांग्रेस पर गरीबों को लूटने और अपनी स्वार्थ सिद्धि वाली राजनीति को लेकर उनकी दशा बेहतर नहीं करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद, महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस को लगता है कि अगर सब एक हो गए, तो देश को बांटने का उनका (कांग्रेस का) एजेंडा नाकाम हो जाएगा!’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस सिर्फ लूटना जानती है। कांग्रेस गरीब को गरीब बनाकर रखना चाहती है। कमजोर और गरीब भारत, कांग्रेस को, उसकी राजनीति को बहुत सूट करता है। इसलिए, आप सभी को कांग्रेस से बहुत सावधान रहना है। आज कांग्रेस को पूरी तरह से अर्बन नक्सलियों का गिरोह चला रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये (कांग्रेस) हमें आपस में लड़वाना चाहते हैं। पूरा देश देख रहा है, कांग्रेस के खतरनाक एजेंडों को किसका समर्थन मिल रहा है! जो लोग भारत को आगे बढ़ने से रोकना चाहते हैं, वे इन दिनों कांग्रेस के सबसे करीबी दोस्त हैं! इसलिए, यह समय एक होने का है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हाल में, दिल्ली में हजारों करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद की गई और कांग्रेस का एक नेता उसका मुख्य सरगना निकला! कांग्रेस युवाओं को नशे की लत में धकेल कर उस पैसे से चुनाव लड़ना और जीतना चाहती है।’’

वहीं, भारतीय युवा कांग्रेस ने 3 अक्टूबर को कहा था कि संदिग्ध सरगना तुषार गोयल को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 17 अक्टूबर 2022 को संगठन से निष्कासित कर दिया गया था। इसके शीघ्र बाद, भाजपा प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी पार्टी पर मादक पदार्थ के डीलरों के साथ संबंध रखने का आरोप लगाया था।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच शुरू से ही विदेशी रही है। उन्होंने कहा, ‘‘अंग्रेजी (ब्रिटिश) हुकूमत की तरह ही कांग्रेस परिवार भी दलित, पिछड़ा, आदिवासियों को अपने बराबर नहीं मानता। इन्हें लगता है कि भारत पर एक परिवार की ही हुकूमत रहनी चाहिए, क्योंकि अंग्रेज उन्हें ये हक देकर गए थे! इसीलिए, इन लोगों ने बंजारा समाज के प्रति हमेशा अपमानजनक रवैया बनाए रखा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बंजारा समाज ने ऐसे कितने ही संत दिये, जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को असीम ऊर्जा दी। यह समुदाय पीढ़ी-दर-पीढ़ी भारत की संस्कृति व परंपराओं को सहेजता और संवारता आया है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के समय, ब्रिटिश सरकार ने इस पूरे समुदाय को ही अपराधी घोषित कर दिया था। मोदी ने आरोप लगाया, ‘‘बाद में, कांग्रेस की नीतियों ने इस समाज को मुख्यधारा से दूर रखा।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों की सरकारों ने किसानों को बदहाल और गरीब बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस सरकारों ने किसानों और सिंचाई योजनाओं के लिए आवंटित धन के इस्तेमाल में भ्रष्टाचार किया।’’

मोदी ने कृषि कर्ज माफी के झूठे आश्वासन संबंधी कांग्रेस के दुष्प्रचार के प्रति लोगों से सावधान रहने को कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘तेलंगाना में लोग अभी भी ऋण माफी का इंतजार कर रहे हैं। कर्नाटक में (मौजूदा) कांग्रेस सरकार ने (पूर्ववर्ती) भाजपा शासन द्वारा शुरू की गई सिंचाई योजनाओं को बंद कर दिया।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में, देश को आर्थिक प्रगति की ओर ले जाने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही सहायता के अलावा वित्तीय सहायता के रूप में दोहरा लाभ दे रही है।

उन्होंने कहा कि (देवेंद्र) फडणवीस के मुख्यमंत्री रहने के दौरान पोहरादेवी तीर्थक्षेत्र के विकास की योजना बनाई गई थी और जब राज्य में महा विकास आघाडी (एमवीए) की सरकार बनी तो उसने पोहरादेवी तीर्थक्षेत्र के विकास कार्य को अटका दिया था। लेकिन अब यह 700 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यहां (महाराष्ट्र में) जब तक महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार थी, उसके दो ही एजेंडे थे, पहला- किसानों से जुड़ी परियोजनाओं को ठप करना। दूसरा- इन परियोजनाओं के पैसे में भ्रष्टाचार करना! हम केंद्र से महाराष्ट्र के किसानों के लिए पैसा भेजते थे, लेकिन एमवीए सरकार उसका बंदरबांट कर लेती थी।’’

प्रधानमंत्री ने कृषि और पशुपालन क्षेत्र से संबंधित 2,33,000 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं की शुरूआत करते हुए, पोहरादेवी में बंजारा विरासत संग्रहालय का निर्माण पूरा होने पर प्रसन्नता जताई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संग्रहालय देश की महान बंजारा संस्कृति, उसकी विरासत और प्राचीन परंपरा से नयी पीढ़ियों को परिचित कराएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बंजारा समाज ने भारत के सामाजिक जीवन में, भारत की निर्माण यात्रा में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है।’’

प्रधानमंत्री ने राजा लखीशाह बंजारा और संत सेवालाल महाराज सहित बंजारा समुदाय के कई महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा, ‘‘बंजारा समाज ने ऐसे कितने ही संत दिये, जिन्होंने भारत की आध्यात्मिक चेतना को असीम ऊर्जा दी।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आज हमारी सरकार का हर निर्णय, हर नीति विकसित भारत को समर्पित है। और विकसित भारत का बहुत बड़ा आधार हमारे किसान हैं। किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में आज कई बड़े कदम उठाए गए हैं।’’

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के किसानों ने, विशेष रूप से विदर्भ के किसानों ने कई दशकों तक बड़े संकटों का सामना किया है।

पीएम किसान सम्मान निधि की 18वीं किस्त के रूप में करीब 20,000 करोड़ रुपये 9.5 करोड़ किसानों के खातों में अंतरित किये जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से यहां के किसानों को दोहरा फायदा पहुंच रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2024 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).