देश की खबरें | केरल के नेताओं को कांग्रेस आलाकमान की चेतावनी: अनुशासन टूटा तो होगी कड़ी कार्रवाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी सांसद शशि थरूर के हालियों बयानों से जुड़े विवाद के बीच शुक्रवार को राज्य के नेताओं को हिदायत दी कि यदि वे पार्टी के अनुशासन को भंग करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

नयी दिल्ली, 28 फरवरी कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी सांसद शशि थरूर के हालियों बयानों से जुड़े विवाद के बीच शुक्रवार को राज्य के नेताओं को हिदायत दी कि यदि वे पार्टी के अनुशासन को भंग करते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेताओं के साथ बैठक में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी दो टूक कहा कि इस प्रदेश के साथ उनका और कांग्रेस का भावनात्मक रिश्ता है तथा किसी को ऐसी राय जाहिर नहीं करनी चाहिए जिससे केरलवासियों का अपमान हो।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस बैठक में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि सभी को एकजुट होकर राज्य के आगामी चुनावों में उतरना है।

कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में तीन घंटे से अधिक चली बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, महासचिव और वायनाड से लोकसभा सदस्य प्रियंका गांधी वाद्रा, प्रदेश प्रभारी दीपा दासमुंशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सुधाकरन, लोकसभा सदस्य शशि थरूर और प्रदेश के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।

बैठक के बाद कांग्रेस की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के हित से इतर बयान देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘केरल में स्थानीय निकाय के चुनाव हैं, फिर अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बारे में बात की गई कि हमें चुनावों में कैसे जाना चाहिए तथा हमारी क्या रणनीति और 'रोडमैप' होना चाहिए।’’

उनका कहना था, ‘‘कांग्रेस आलाकमान का स्पष्ट संदेश मिला है कि केरल के लोगों के साथ कांग्रेस का भावनात्मक और राजनीतिक रूप से जुड़ाव है, लोग बदलाव चाहते हैं। ऐसे में हमें ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे केरल के लोगों का अपमान हो। यदि कोई भी इसके विपरीत बयान देता है तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे क्योंकि हमें केरल के लोगों का अपमान करने का कोई अधिकार नहीं है।’’

दीपा दासमुंशी ने कहा कि अगले कुछ महीनों के कार्यक्रमों पर चर्चा की गई तथा अप्रैल में वार्ड अध्यक्षों का राज्य सम्मेलन होगा जिसमें शीर्ष नेतृत्व उपस्थित होगा।

उन्होंने दावा किया कि मीडिया का एक धड़ा ऐसी तस्वीर पेश कर रहा है कि केरल में कांग्रेस एकजुट नहीं है, जबकि पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

इस बैठक में शामिल नेताओं ने केरल इकाई में अनुशासन, एकजुटता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

बैठक के बाद खरगे और राहुल गांधी के साथ केरल के नेताओं ने तस्वीरें खिंचवाईं और संवाददाता सम्मेलन में दीपा दासमुंशी के साथ वेणुगोपाल, थरूर और कुछ अन्य नेता खड़े नजर आए। इससे कांग्रेस ने एकजुटता की तस्वीर पेश करने की कोशिश की।

सूत्रों ने बताया, ‘‘बैठक में राहुल गांधी का संदेश था कि हम केरल के लोगों के साथ भावनात्मक रूप से बहुत जुड़े हुए हैं। पहले वह केरल से सांसद थे अब प्रियंका गांधी सांसद हैं।’’

उनके अनुसार, राहुल गांधी ने कहा, ‘‘ केरल के लोग बदलाव चाहते हैं इसलिए हमें अपने रोडमैप के बारे में बहुत सावधान रहना चाहिए। हमें ऐसा कुछ भी नहीं करना या कहना चाहिए जो पार्टी लाइन के खिलाफ हो। ऐसा करने का मतलब है कि हम केरल के लोगों का अपमान कर रहे हैं।’’

सूत्रों ने बताया कि खरगे ने इस बैठक में अनुशासन की जरूरत पर जोर दिया और कहा कि सभी को एकजुट होकर राज्य के आगामी चुनावों में उतरना है।

केरल के कांग्रेस नेताओं की बैठक इस लिहाज से महत्वपूर्ण थी कि इन दिनों पार्टी के सांसद तथा वरिष्ठ नेता शशि थरूर के अप्रसन्न होने की अटकलें हैं।

इस बैठक में थरूर से कोई सफाई नहीं मांगी गई क्योंकि उन्हें बैठक से पहले ही ‘एक्स’ पर पोस्ट के माध्यम से स्पष्ट कर दिया था कि उनकी बातों को गलत ढंग से पेश किया गया है।

हालांकि, सूत्रों का कहना है कि थरूर समेत सभी नेताओं को स्पष्ट कहा गया कि वे ऐसा कोई बयान नहीं दें जो पार्टी के हित में नहीं हो।

तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सदस्य थरूर द्वारा एक अखबार में लिखे हालिया लेख पर विवाद पैदा हो गया था। इस लेख में उन्होंने केरल में निवेश के माहौल को बढ़ावा देने के लिए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार की प्रशंसा की थी। इसको लेकर वह केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कुछ नेताओं के निशाने पर हैं।

थरूर ने हाल ही में राहुल गांधी से मुलाकात की थी और माना जा रहा है कि उन्होंने अपना पक्ष उनके समक्ष रखा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री थरूर ने एक अखबार में छपी उस खबर को फर्जी बताया था, जिसमें उनके हवाले से कहा गया था कि यदि कांग्रेस को उनकी सेवा की जरूरत नहीं है, तो उनके पास दूसरे विकल्प भी हैं।

केरल में कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है। राज्य में अगले साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। राज्य में इस साल स्थायी निकाय के चुनाव में भी होने हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\