देश की खबरें | कांग्रेस ने नक्सली हमले में अपने नेताओं को खोया है: बघेल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेताओं ने नक्सली हमले में अपनी जान गंवाई हैं और फिर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उस पर ‘‘शहरी नक्सलियों’’ से जुड़े होने का आरोप लगाती है।

नागपुर, आठ नवंबर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेताओं ने नक्सली हमले में अपनी जान गंवाई हैं और फिर भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उस पर ‘‘शहरी नक्सलियों’’ से जुड़े होने का आरोप लगाती है।

कांग्रेस नेता महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के उस दावे पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में ‘‘धुर वामपंथी’’ तत्व शामिल थे और पूछा था कि गांधी भारतीय संविधान की ‘लाल किताब’ दिखाकर क्या संदेश देना चाहते थे?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी के प्रचार अभियान के तहत यहां मीडिया से बात करते हुए बघेल ने कहा कि नक्सली हिंसा के कारण किसी भी पार्टी को उतना नुकसान नहीं हुआ जितना कांग्रेस को हुआ।

उन्होंने सवाल किया कि फडणवीस को लाल रंग से क्या परेशानी है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रह चुके भाजपा नेता उपमुख्यमंत्री बनने से हताश होकर ‘‘वेबजह के मुद्दों’’ के बारे में बात कर रहे हैं।

उन्होंने सुकमा जिले में झीरम घाटी में कांग्रेस के काफिले पर मई, 2013 में हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘छत्तीसगढ़ में, हमारे नेताओं ने नक्सली हमले में अपनी जान गंवा दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्या चरण शुक्ला समेत 29 नेताओं को नक्सलियों ने मार डाला और वे (भाजपा) हमें नक्सली कह रहे हैं।’’

बघेल ने कहा कि नक्सली भारतीय संविधान को नहीं मानते जबकि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में लोकतंत्र पर हमला किया गया और दो राजनीतिक दलों में फूट डाली गई। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है और नक्सली संविधान को नहीं मानते जो भाजपा और नक्सलियों के बीच समानता को दर्शाता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\