देश की खबरें | कांग्रेस झूठ और लूट की राजनीति करती है: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा में मतदान के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर मतदाताओं से झूठ बोलकर राज्य को लूटने की नीति अपनाने का आरोप लगाया।
चंडीगढ़, पांच अक्टूबर हरियाणा में मतदान के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर मतदाताओं से झूठ बोलकर राज्य को लूटने की नीति अपनाने का आरोप लगाया।
सैनी ने संवाददाताओं से कहा, "कांग्रेस झूठ और लूट की राजनीति करती है और हरियाणा की जनता यह समझ चुकी है। उन्होंने (जनता) हरियाणा में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को लाने का मन बना लिया है।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार दलित समुदाय का अपमान करती रही है और उसने दलितों के उत्थान के लिए कभी कोई योजना तैयार नहीं की।
सैनी ने अपनी सुमन के साथ अंबाला जिले के नारायणगढ़ स्थित अपने पैतृक गांव मिर्जा में मतदान किया। वह मतदान करने वाले प्रारंभिक लोगों में शामिल रहे।
हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम छह बजे संपन्न होगा।
सैनी कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा से चुनाव लड़ रहे हैं।
मतदान से पहले सैनी ने अपने गांव में गुरु रविदास मंदिर और गुरुद्वारे में मत्था टेका।
सैनी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हरियाणा की जनता ने मन बना लिया है, भाजपा भारी बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।’’
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने 10 वर्षों में बेहतरीन काम किया है और न्यूनतम मजदूरी को लेकर आंदोलन करने वाले किसान उनकी सरकार की नीतियों से खुश हैं।
वहीं, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस में अंदरूनी कलह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खेमे में निराशा का माहौल है, वहां अराजकता है।
चुनावों से दो दिन पहले भाजपा नेता अशोक तंवर के कांग्रेस में लौटने के बारे में पूछे जाने पर खट्टर ने कहा कि तंवर ने 'आया राम, गया राम' की राजनीति को पुनर्जीवित कर दिया है।
दोनों पार्टियों ने चुनाव जीतने और सरकार बनाने का दावा किया है।
खट्टर ने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2014 में जीती गई 47 सीट के आंकड़े को बेहतर करते हुए इस बार 50 से अधिक सीट जीतेगी
रोहतक जिले के गढ़ी सांपला-किलोई से दोबारा चुनाव लड़ रहे विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "लोगों में काफी उत्साह है और लोगों ने उन्हें (भाजपा) सत्ता से बाहर करने का फैसला कर लिया है।"
हुड्डा ने कहा, "भाजपा सत्ता से बाहर जा रही है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापस आ रही है।" हुड्डा ने सांघी गांव में मतदान किया।
कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा ने कहा कि हरियाणा की जनता चुनाव का इंतजार कर रही थी ताकि वह मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर कर सके।
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस के जीतने पर वह मुख्यमंत्री बनेंगी, शैलजा ने कहा, "परिणाम आने के बाद पार्टी इस पर फैसला करेगी।"
कांग्रेस नेता और रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आराम से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने पिछली बार (2019 के विधानसभा चुनावों में) दावा किया था कि वह 75 से अधिक सीट जीतेगी, लेकिन उन्हें केवल 40 सीट मिली। अब खट्टर 50 सीट पाने की बात कर रहे हैं, आप कल्पना कर सकते हैं कि उन्हें कितनी सीटें मिलेंगी।’’
हाल ही में खुद को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताने वाले भाजपा नेता अनिल विज ने अंबाला कैंट में संवाददाताओं से कहा कि भाजपा तीसरी बार सत्ता में आ रही है।
जब उनसे पूछा गया कि पिछले महीने उन्होंने कहा था कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो वह मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेंगे, तो उन्होंने कहा कि वह हमेशा पार्टी के लिए समर्पित रहे हैं और उन्होंने कभी कुछ नहीं मांगा।
उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा अपनी पार्टी के आदेशों का पालन किया है, लेकिन मैंने कहा कि अगर पार्टी मुझे मुख्यमंत्री बनाती है, तो मैं हरियाणा का भाग्य बदल दूंगा।"
सिरसा जिले में वोट डालने के बाद इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के नेता अभय चौटाला ने कहा कि न तो कांग्रेस और न ही भाजपा को बहुमत मिलेगा।
उन्होंने कहा, "इनेलो-बसपा सत्ता में आएगी।"
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) नेता दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्हें यकीन है कि जनता जेजेपी के अतीत के कामों के आधार पर गठबंधन को चुनेगी।
जेजेपी आजाद समाज पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।
उन्होंने कहा, "लोकतंत्र की ताकत आपके हाथ में है। इस दिन को छुट्टी के तौर पर न लें और आपके लिए यह बहुत महत्वपूर्ण है। बड़ी संख्या में मतदान करें।"
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी 2019 में मिली 10 सीट के मुकाबले इस बार अधिक सीट पर जीत हासिल करेगी।
हिसार से निर्दलीय उम्मीदवार सावित्री जिंदल ने कहा, "मैं हिसार को एक सुंदर और विकसित स्थान बनाने की कोशिश करूंगी और बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित करूंगी।"
कैथल से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला ने राज्य के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा, "इस स्थान से हमारा संबंध तीन पीढ़ियों पुराना है। मैं कैथल की सेवा पांच साल नहीं, बल्कि अगले 50 साल तक करना चाहता हूं।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 05, 2024 04:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

