देश की खबरें | जयपुर में ईडी कार्यालय के समक्ष कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में बृहस्पतिवार को जयपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
जयपुर, 21 जुलाई कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के विरोध में बृहस्पतिवार को जयपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया।
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में जयपुर में प्रदर्शन किया गया। वहीं, पार्टी द्वारा राज्य के जिला मुख्यालयों पर शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की गई है।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डोटासरा ने भाजपा और केन्द्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि ‘‘झूठे जुमले व नारे देकर भाजपा देश की सत्ता पर काबिज हुई, किन्तु सत्ता में आने के बाद उसने केवल देश की सामाजिक समरसता के ताने-बाने तथा बाबा साहब द्वारा दिये गये संविधान पर चोट पहुंचाने के साथ लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है।’’
उन्होंने आरोप लगाया,‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा दिया है। वह देश को कांग्रेस मुक्त तो नहीं कर पाये, लेकिन कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को परेशान-हैरान करने के कार्य में लग गये।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘मोदी सरकार ने इस बार ऐसे व्यक्ति पर कीचड़ उछालने व बदनाम करने की कुचेष्टा की है तथा डराने व धमकाने हेतु संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं जिनके साहस व बलिदान का लोहा देश ही नहीं दुनिया मानती है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस महान् विरासत एवं विचारधारा को मानने वाले नेता ईडी, सीबीआई से नहीं डरते हैं।
इस अवसर पर डोटासरा के साथ राज्य सरकार के मंत्री लालचंद कटारिया, महेन्द्रजीत सिंह मालवीया, व प्रतापसिंह खाचरियावास ने भी वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को समन जारी किए जाने के विरोध में पार्टी ने प्रदर्शन की घोषणा की थी। नेशनल हेराल्ड से संबंधित कथित धनशोधन मामले में सोनिया गांधी बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुईं।
डोटासरा ने कहा कि शुक्रवार 22 जुलाई को प्रदेश की समस्त जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा।
पृथ्वी कुंज
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)