देश की खबरें | कांग्रेस ने राजस्थान के घटनाक्रम को लेकर देश भर में राजभवनों के सामने प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने भाजपा पर राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को देश भर में राजभवनों के बाहर प्रदर्शन किया।
नयी दिल्ली, 27 जुलाई कांग्रेस ने भाजपा पर राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार गिराने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को देश भर में राजभवनों के बाहर प्रदर्शन किया।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद, मुंबई, रांची, गुवाहाटी, शिमला, कोलकाता, देहरादून और कई अन्य राज्यों की राजधानियों में प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
यह भी पढ़े | कोरोना के मुंबई में 1,033 नए मरीज पाए गए, 39 की मौत: 27 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
उन्होंने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार के ‘लोकतंत्र एवं संविधान विरोधी’ कदमों के खिलाफ यह धरना दिया गया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया, ‘‘2014 से भाजपा सरकार द्वारा नियुक्त किए गए राज्यपालों ने बार- बार संविधान की मूल भावना का उल्लंघन किया है। इस प्रक्रिया में संसदीय लोकतंत्र और इसकी परंपराओं को नुकसान पहुंचाया है।’’
यह भी पढ़े | Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के समय जमीन से 200 फिट अंदर टाइम कैप्सूल डाला जाएगा.
उन्होंने कहा,, ‘‘राजस्थान के राज्यपाल के रुख से हम अचंभित और आहत हैं। इसलिए, हमने आज देश भर में राजभवनों के समक्ष प्रदर्शन किया ताकि संविधान के उल्लंघन की तरफ जनता का ध्यान खींचा जा सके।’’
दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, हालांकि उप राज्यपाल के कार्यालय तरफ बढ़ने का प्रयास करते समय पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद इन्हें छोड़ दिया गया।
कुमार ने कहा, ‘‘हम उप राज्यपाल महोदय को बताना चाह रहे थे कि भाजपा और केंद्र की उसकी सरकार किस तरह से राजस्थान में लोकतंत्र की हत्या कर रही हैं। परंतु, दिल्ली पुलिस ने हमें उप राज्यपाल के कार्यालय की तरफ बढ़ने से पहले ही रोक दिया है।’’
उत्तर प्रदेश के राजभवन के सामने धरना-प्रदर्शन कर रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)