देश की खबरें | कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए 48 उम्मीदवार घोषित किए, पटोले और चहाण समेत कई वरिष्ठ नेताओं को टिकट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टिवार और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
नयी दिल्ली/मुंबई, 24 अक्टूबर कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को 48 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टिवार और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस की इस पहली सूची में 25 विधायकों पर एक बार फिर से विश्वास जताया गया है।
पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, पटोले को उनके वर्तमान क्षेत्र साकोली से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण को भी उनकी मौजूदा सीट कराड दक्षिण से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टिवार को ब्रह्मपुरी, पूर्व मंत्री अमित देशमुख को लातूर शहर और असलम शेख को मलाड पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।
विपक्षी दल ने पूर्व मंत्री नितिन राउत और बालासाहेब थोराट को क्रमशः नागपुर उत्तर और संगमनेर से, ज्योति एकनाथ गायकवाड़ को धारावी और धीरज देशमुख को लातूर ग्रामीण से चुनावी मैदान में उतारा है।
अमित देशमुख और धीरज देशमुख पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत विलासराव देशमुख के पुत्र हैं।
मोहम्मद आरिफ नसीम खान को चांदीवली, रंजीत कांबले को देवली और विकास ठाकरे को नागपुर पश्चिम से मैदान में उतारा गया है।
जलगांव जिले के रावेर से पार्टी ने मौजूदा विधायक शिरीष चौधरी के बेटे धनंजय चौधरी को टिकट दिया है। मुजफ्फर हुसैन को ठाणे जिले के मीरा भयंदर से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
भोकर में कांग्रेस की तृप्ति कोंडेकर का मुकाबला भाजपा की सृजया चव्हाण से होगा, जो पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण की बेटी हैं। अशोक चव्हाण कुछ महीने पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे।
चव्हाण की रिश्तेदार मीनल खटगांवकर को कांग्रेस ने नायगांव से मैदान में उतारा है, जबकि प्रफुल्ल गुडाधे नागपुर दक्षिण पश्चिम विधानसभा सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को टक्कर देंगे।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल और सुनील देशमुख को क्रमश: गोंदिया और अमरावती से टिकट दिया है। दोनों भाजपा में चले गए थे, लेकिन हाल ही में कांग्रेस में वापसी की है।
धारावी से उम्मीदवार ज्योति गायकवाड़ मुंबई कांग्रेस प्रमुख वर्षा गायकवाड़ की बहन हैं। वर्षा 2024 के आम चुनाव में मुंबई उत्तर मध्य से लोकसभा के लिए चुने जाने से पहले चार बार धारावी से विधायक रहीं।
कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) द्वारा तीनों घटक दलों को 85-85 सीट दिये जाने के फार्मूले की घोषणा के एक दिन बाद जारी की है।
कई दिनों के गतिरोध के बाद, कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) और शिवसेना (यूबीटी) से मिलकर बने महा विकास आघाडी (एमवीए) ने बुधवार को 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा के लिए 85-85 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की, जबकि अंतिम समझौते पर मुहर लगाने के लिए विचार-विमर्श अब भी जारी है।
तीनों सहयोगी दल शेष 33 सीट आपस में तथा छोटे दलों के बीच बांटने पर चर्चा कर रहे हैं।
शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को संकेत दिया कि महा विकास आघाडी (एमवीए) के सहयोगी दल आपस में कुछ सीट की अदला-बदली कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 24, 2024 10:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

