एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | पंजाब में एक-दूसरे से मिले हुए हैं कांग्रेस और भाजपा : हरपाल सिंह चीमा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शनिवार को कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिलीभगत से काम कर रही हैं।

देश की खबरें | पंजाब में एक-दूसरे से मिले हुए हैं कांग्रेस और भाजपा : हरपाल सिंह चीमा

चंडीगढ़, 12 जुलाई पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शनिवार को कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मिलीभगत से काम कर रही हैं।

चीमा का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा की शिकायत पर शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस ने चीमा और उनके एक अन्य मंत्री के खिलाफ कथित मानहानि और जालसाजी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस ने कांग्रेस नेता बाजवा की शिकायत पर आम आदमी पार्टी (आप) के एक 'अज्ञात मीडिया हैंडलर' और राज्य के कैबिनेट मंत्रियों हरपाल सिंह चीमा और अमन अरोड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया।

बाजवा ने सत्तारूढ़ दल पर शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के मामले से संबंधित उनके द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो में कथित तौर पर छेड़छाड़ करने और फिर इसे प्रसारित करने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 336 (4) (जालसाजी), 356 (मानहानि) और 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कांग्रेस नेता ने अपनी शिकायत में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की थी।

बाजवा ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘ हाल ही में, पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने मजीठिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उनकी पत्नी गनीव कौर पंजाब विधानसभा की सदस्य हैं। कानून का घोर उल्लंघन करते हुए, पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारी उनके घर में घुस गए और यहां तक ​​कि उनके शयनकक्ष में भी चले गए। एक महिला के प्रति ऐसा आचरण अस्वीकार्य और कानून के विपरीत है।’’

बाजवा ने कहा कि उन्होंने पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों की कार्रवाई की आलोचना करते हुए 25 जून को अपराह्न 3.13 बजे सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तीन मिनट 48 सेकंड का एक वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा के प्रति भी इसी तरह के व्यवहार पर प्रकाश डाला।

आप नेता और मंत्री चीमा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने बाजवा से शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर उनके और अरोड़ा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।

चीमा ने आरोप लगाया, ‘‘ देखिए चंडीगढ़ पुलिस कितनी जल्दी हरकत में आती है। विपक्ष के नेता एक अर्ज़ी देते हैं और 24 घंटे के अंदर ही भाजपा सरकार आप नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लेती है। हम सच बोलने से नहीं डरते, लेकिन इससे यह स्पष्ट हो गया है कि बाजवा, कांग्रेस और भाजपा सब मिले हुए हैं।’’

पंजाब विधानसभा में शुक्रवार को चीमा ने बाजवा पर भाजपा से संबंध होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि उन्होंने आम आदमी पार्टी के खिलाफ साइबर अपराध का मामला दर्ज करवाया है।

बाजवा ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘वीडियो में यह दिखाने के लिए छेड़छाड़ की गई कि मैं मजीठिया का समर्थन करता हूं। इसके बाद, आप नेताओं ने इन संपादित वीडियो को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खातों पर साझा करना और सोशल मीडिया पर प्रसारित करना शुरू कर दिया, ताकि यह संदेश जाए कि मैंने मजीठिया का समर्थन किया, जो जांच के दायरे में हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने संपादित वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया और मंत्री अमन अरोड़ा ने भी आप की पंजाब इकाई के फेसबुक पेज पर ऐसा ही किया।

बाजवा ने आरोप लगाया, ‘‘यह संपादित वीडियो जानबूझकर मेरी और कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रसारित किया गया। मुझे बदनाम किया गया और अभियोजन का सामना कर रहे एक व्यक्ति का समर्थन करने तथा कानून तोड़ने वालों का साथ देने का झूठा आरोप लगाया गया, जबकि पंजाब सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के आचरण के संबंध में मैंने जो मूल मुद्दा उठाया था, वह पीछे छूट गया।’’

उन्होंने इसमें शामिल व्यक्तियों के खिलाफ लगे आरोपों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने और जांच की मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2025 05:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).