एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कांग्रेस ने मेरी जाति को गाली दी, उसके पास मुझे गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं : मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी जाति के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दल के पास उन्हें गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है।

देश की खबरें | कांग्रेस ने मेरी जाति को गाली दी, उसके पास मुझे गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं : मोदी

नवसारी, 22 फरवरी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी जाति के बारे में की गई टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि विपक्षी दल के पास उन्हें गाली देने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है।

मोदी ने कहा कि लेकिन कांग्रेस का यह रवैया आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए 400 से अधिक सीट जीतने के संकल्प को मजबूत करेगा।

प्रधानमंत्री ने दक्षिण गुजरात के नवसारी में एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपने देखा कि कैसे कांग्रेस के लोग मोदी की जाति को गाली देते हैं। लेकिन, कांग्रेस के लोग यह भूल जाते हैं कि वे जितनी अधिक गालियां देंगे, आगामी चुनाव में लोकसभा की 400 से अधिक सीट जीतने का हमारा संकल्प उतना ही मजबूत होगा।’’

मोदी ने देश की सबसे पुरानी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास देश के लिए कोई एजेंडा नहीं है और उसका एकमात्र लक्ष्य उन्हें गाली देना है।

उन्होंने भाजपा के अपने दम पर 370 लोकसभा सीट जीतने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वे जितना अधिक कीचड़ उछालेंगे, उतने ही शानदार ढंग से 370 कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिलेंगे। मोदी को गाली देने के अलावा कांग्रेस के पास देश के भविष्य के लिए कोई दूसरा एजेंडा नहीं है।’’

प्रधानमंत्री ने नवसारी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जब कोई पार्टी भाई-भतीजावाद की चपेट में आ जाती है तो उसमें परिवार से ऊपर कोई नहीं होता।

मोदी ने कहा, ‘‘जब भाई-भतीजावाद, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार राजनीति का लक्ष्य बन जाता है, तो देश की विरासत को संरक्षित करने पर ध्यान नहीं दिया जाता है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के लिए लगभग चार करोड़ पक्के घर बनाए हैं।

मोदी ने इस समारोह में कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं और नवसारी में ‘पीएम मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल’ (पीएम मित्र) पार्क का शिलान्यास किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 22, 2024 07:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).