एजेंसी न्यूज

निषिद्ध क्षेत्र में आवाजाही की पूरी तरह से मनाही

रांची में पिछले तीन दिनों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलने के बाद आज रांची में 15 माइक्रो निषिद्ध क्षेत्र बनाये गये हैं।

निषिद्ध क्षेत्र में आवाजाही की पूरी तरह से मनाही
जमात

रांची, 28 अप्रैल रांची में कोरोना वायरस संक्रमण के सबसे बड़े हॉटस्पॉट (संक्रमण से ज्यादा प्रभावित क्षेत्र) हिंदपीढ़ी इलाके की पूरी सुरक्षा व्यवस्था केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंपने के बाद मंगलवार को उसके सहित रांची के सभी निषिद्ध क्षेत्र में आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गयी।

रांची में पिछले तीन दिनों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैलने के बाद आज रांची में 15 माइक्रो निषिद्ध क्षेत्र बनाये गये हैं।

सरकारी प्रवक्ता ने यहां बताया कि हिंदपीढ़ी निषिद्ध क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी आज केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंप दी गई। इसमें में तीन पाली में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात किया जाएगा। जिससे पूरी मुस्तैदी के साथ लॉकडाउन का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

इस सिलसिले में उपायुक्त रांची राय महिमापत रे ने आज केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ बैठक करके आवश्यक निर्देश जारी किये।

उपायुक्त ने उपस्थित सीआरपीएफ के अधिकारियों से कहा कि हिंदपीढ़ी निषिद्ध क्षेत्र रांची का हॉटस्पॉट बन चुका है। कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या हिंदपीढ़ी में सबसे ज्यादा है। पूरे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आवाजाही की इजाजत नहीं है।

उपायुक्त के गोपनीय कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक के दौरान हिंदपीढ़ी के कमांड एंड कंट्रोल रूम के संचालन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी सीआरपीएफ अधिकारियों को दी गई। बैठक के दौरान सीआरपीएफ को जिला प्रशासन के प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों से बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी व्यक्ति को अगर आपातकालीन मेडिकल सहायता की आवश्यकता है तो जिला प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस भेज कर मरीज को वहां से अस्पताल ले जाया जाएगा।

बैठक में उपस्थित एसएसपी रांची ने कहा कि रांची में लगातार कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। इसके बावजूद लोग इस बीमारी की गंभीरता को नहीं समझ रहे हैं। ऐसे में अब हमारी जिम्मेवारी बढ़ गई है कि लोगों से लॉकडाउन के नियमों और एकदूसरे से दूरी बनाये रखने के नियम का पालन कराएं।

उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में किसी भी व्यक्ति को कंटेनमेंट जोन में आने-जाने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। जरूरत पड़ने पर आमजन की सुरक्षा हेतु पुलिस द्वारा मामला भी दर्ज किया जाएगा।

बैठक के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारी ने कहा कि हमारी टीम का पूरा सहयोग जिला प्रशासन को मिलेगा। हमारे जवान पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करेंगे और आमजनों की सुरक्षा हेतु हम हमेशा की तरह तत्पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 28, 2020 06:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).