देश की खबरें | विदर्भ के विकास के बिना महाराष्ट्र की पूरी प्रगति संभव नहीं : शिंदे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि विदर्भ के विकास के बिना राज्य का पूरा विकास संभव नहीं है।
नागपुर (महाराष्ट्र), 29 दिसंबर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बृहस्पतिवार को विधानसभा में कहा कि विदर्भ के विकास के बिना राज्य का पूरा विकास संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विदर्भ और मराठवाड़ा जैसे राज्य के अल्पविकसित क्षेत्रों में प्रगति लाने को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिंदे ने सदन में एक चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘‘अगर विदर्भ मजबूत है तो राज्य मजबूत होगा। विदर्भ की प्रगति के बिना महाराष्ट्र की संपूर्ण प्रगति मुमकिन नहीं हो सकती।’’
हाल में शुरू हुए नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेसवे की प्रशंसा करते हुए शिंदे ने कहा कि यह 10 जिलों से गुजरता है और 14 जिलों को अप्रत्यक्ष रूप से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह विशाल गलियारा विदर्भ में गोंदिया, भंडारा और चंद्रपुर के साथ ही मराठावाड़ा में जालना और नांदेड जैसे जिलों से भी गुजरेगा।
उन्होंने कहा कि यह ‘‘सुपर एक्सप्रेसवे’’ आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को भी जोड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह पहली बार है जब राज्य में इतना बड़ा एक्सप्रेसवे बनाया गया है। उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई और नागपुर को एक साथ लाने का सपना देखा था।’’
शिंदे ने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने एक्सप्रेसवे के आसपास जमीन खरीदी हैं और यह विदर्भ के लिए एक ‘‘वरदान’’ साबित होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)