एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | गौरव की पाक यात्रा की तुलना भाजपा नेताओं की यात्रा से करना सेब और संतरे की तुलना करने जैसा: हिमंत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्रा की तुलना लालकृष्ण आडवाणी जैसे भाजपा के दिग्गजों की पड़ोसी देश की यात्रा से नहीं की जा सकती। उन्होंने विपक्षी नेता की इस तुलना को ‘‘सेब और संतरे’’ की तुलना करने जैसा करार दिया।

देश की खबरें | गौरव की पाक यात्रा की तुलना भाजपा नेताओं की यात्रा से करना सेब और संतरे की तुलना करने जैसा: हिमंत

डेरगांव (असम), 21 मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पाकिस्तान यात्रा की तुलना लालकृष्ण आडवाणी जैसे भाजपा के दिग्गजों की पड़ोसी देश की यात्रा से नहीं की जा सकती। उन्होंने विपक्षी नेता की इस तुलना को ‘‘सेब और संतरे’’ की तुलना करने जैसा करार दिया।

शर्मा और भाजपा लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गोगोई पर आरोप लगाते रहे हैं कि उनके और उनकी ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न के पाकिस्तान की एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं।

मुख्यमंत्री ने रविवार को आरोप लगाया था कि गोगोई पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई के निमंत्रण पर पाकिस्तान गए थे, उन्होंने वहां प्रशिक्षण लिया था और पड़ोसी देश के प्रतिष्ठान के साथ निकटता से काम किया।

गोगोई ने अपनी पाकिस्तान यात्रा पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए मंगलवार को कहा कि लालकृष्ण आडवाणी, नरेन्द्र मोदी और जसवंत सिंह सहित कई भाजपा नेता भी उस देश का दौरा कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को उनकी पाकिस्तान यात्रा के बारे में पूरी जानकारी थी। गोगोई ने कहा कि उन्होंने अपने पासपोर्ट की प्रति भी जमा कराई थी और उनकी यात्रा के बारे में छिपाने जैसा कुछ भी नहीं था।

शर्मा ने बुधवार को गोलाघाट जिले के डेरगांव में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘जसवंत सिंह हों, एल के आडवाणी हों या नरेन्द्र मोदी हों। वे सार्वजनिक रूप से सरकारी दायित्व के तहत गए।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वह (गोगोई) इतने वरिष्ठ सांसद हैं, पार्टी के उपनेता हैं, संसद में मणिपुर के बारे में इतना बोलते हैं और उनके जैसा व्यक्ति सेब और संतरे में अंतर नहीं कर सकता।’’

शर्मा ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच चर्चा के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्री एक-दूसरे के देश का दौरा करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जब भारतीय प्रधानमंत्री जाते हैं, तो उनके साथ रॉ के लोग, विदेश मंत्रालय के लोग... 40-50 लोगों की पूरी टीम होती है। जो कुछ भी कहा जाता है, उसे रिकॉर्ड किया जाता है... राष्ट्रीय कर्तव्य के लिए जाना और धूर्तता से जाना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।’’

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि वह 10 सितंबर को गोगोई और उनके पाकिस्तान संबंधों के खिलाफ अपने दावे के समर्थन में सभी सबूतों का खुलासा करेंगे।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैं 25 साल से राजनीति में हूं, मुझे पता है कि कब क्या कहना है। जनवरी में ही मैंने 10 सितंबर की तारीख तय कर दी थी और इसे न पहले किया जाएगा, न ही स्थगित किया जाएगा।’’

हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा ​​जैसे लोगों की असम में मौजूदगी की संभावना के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, “हमारा मामला अधिक गंभीर है।”

उन्होंने गोगोई की ओर स्पष्ट इशारा करते हुए कहा, ‘‘"वह एक युवती है, जासूस के तौर पर काम करती है; यह अलग बात है। वह परमाणु हथियारों और राफेल जेट की मौजूदगी के बारे में सवाल नहीं कर सकती थी। लेकिन, हमारे एक व्यक्ति ने संसद में पूछा कि हमारे परमाणु हथियार, राफेल और तटरक्षक बल के हथियार कहां हैं।’’

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), आसूचना ब्यूरो (आईबी) और सैन्य खुफिया अधिकारियों द्वारा मल्होत्रा ​​से पूछताछ की जा रही है, जिसे हाल ही में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 21, 2025 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).