देश की खबरें | राष्ट्रमंडल, 2जी मामलों में देश को गुमराह करने के लिए माफी मांगें प्रधानमंत्री और केजरीवाल: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की "क्लोजर रिपोर्ट" अदालत द्वारा स्वीकार किए जाने का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि ‘‘देश को गुमराह करने के लिए’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए।

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल कांग्रेस ने 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की "क्लोजर रिपोर्ट" अदालत द्वारा स्वीकार किए जाने का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि ‘‘देश को गुमराह करने के लिए’’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को माफी मांगनी चाहिए।

दिल्ली की एक अदालत ने 13 वर्ष पुराने एक मामले का सोमवार को पटाक्षेप करते हुए 2010 के राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के पूर्व प्रमुख सुरेश कलमाडी और तत्कालीन महासचिव ललित भनोट तथा अन्य के खिलाफ धनशोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की "क्लोजर रिपोर्ट" स्वीकार कर ली।

रिपोर्ट को स्वीकार किए जाने से 15 वर्ष पहले हुए कथित घोटाले में धनशोधन का पहलू समाप्त हो गया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वर्ष 2014 से पहले, अरविंद केजरीवाल और भाजपा ने जुगलबंदी करके कांग्रेस को बदनाम करने के लिए 2G और कॉमनवेल्थ जैसे झूठे घोटाले गढ़े। दो बेहद ईमानदार और समर्पित नेताओं— डॉ. मनमोहन सिंह और श्रीमती शीला दीक्षित— पर झूठे आरोप लगाए गए।"

उन्होंने कहा, "टू जी का सच पहले ही अदालत में सामने आ चुका था। आज, कॉमनवेल्थ मामले में भी ईडी की क्लोज़र रिपोर्ट को अदालत ने स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने दावा किया कि (इससे) साफ है कि दोनों आरोप झूठे थे।

रमेश ने कहा, ‘‘देश को गुमराह करने के लिए नरेन्द्र मोदी और अरविंद केजरीवाल को कांग्रेस और भारत की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए। सत्यमेव जयते!’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now