यह एक चिंताजनक घटना है जिससे समुद्री क्षेत्र में सीमा विवाद बढ़ गया है और बड़ा संकट पैदा होने की आशंका है।
फिलीपीन ने ‘सेकंड थॉमस शोल’ (रेतीले और चट्टानों से घिरा समुद्री क्षेत्र, जहां प्रचुर मात्रा में मछलियां पाई जाती हैं) के निकट चीनी जहाज की मौजूदगी की शुक्रवार को कड़ी निंदा की। दोनों एशियाई पड़ोसी इस क्षेत्र पर अपना अपना दावा करते हैं और यह विवाद का विषय रहा है।
बुधवार को एक अन्य घटना में फिलीपीन तटरक्षक के एक और जहाज को चीनी तटरक्षक और मिलीशिया जहाजों ने करीब आठ घंटे तक रोक कर रखा और घेराबंदी की। अमेरिका ने विवादित समुद्री क्षेत्र में फिलीपीन की रक्षा का संकल्प जताया है।
विवादित समुद्री क्षेत्र में फिलीपीन तटरक्षक की निगरानी वाली दो छोटी आपूर्ति नौकाएं किसी तरह चीनी घेराबंदी को तोड़कर वहां पहुंचीं और शोल में स्थित फिलीपीन की समुद्री चौकी तक खाद्य सामग्री एवं आपूर्ति पहुंचाई।
फिलीपीन तटरक्षक के प्रवक्ता कमोडोर जे तारिएला ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम चीनी तटरक्षक जहाज के बर्ताव की निंदा करते हैं। वे अंतरराष्ट्रीय कानून विशेषकर टक्कर से बचाव के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।’’
तारिएला ने कहा कि टकराव तब टल गया जब फिलीपीन के दो तटरक्षक जहाजों में से एक बीआरपी सिंदांगन ने चीनी तट रक्षक जहाज के साथ टक्कर से बचने के लिए अपने इंजन की पोजीशन तेजी से बदली, जो केवल एक मीटर की दूरी से फिलीपीन के जहाज के अग्रभाग को पार कर गया था।
चीन के तटरक्षक रेडियो ऑपरेटर ने चेतावनी देते हुए बीआरपी सिंदागन के लिए बार बार कहा कि ‘‘सेकंड थॉमस शोल’ और इसके बाहरी समुद्री क्षेत्र में ‘‘चीन की निर्विवाद संप्रुभता’’ रही है, इसलिए किसी तरह के विवाद से बचने के लिए यहां से चले जाएं।
फिलीपीन के तटरक्षक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस क्षेत्र पर उसका अधिकार है और वे आपूर्ति के लिए आगे बढ़ेंगे।
अमेरिका ने एक बार फिर चेतावनी दी कि वह अपने सहयोगी फिलीपीन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
चीनी विदेश मंत्रालय ने अमेरिका पर चीन को धमकी देने का आरोप लगाया। चीन ने बार बार आगाह किया है कि अमेरिका क्षेत्रीय सीमा विवादों में दखल नहीं दे।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY