देश की खबरें | तटरक्षक बल ने महाराष्ट्र और गोवा तट पर ‘सागर कवच’ अभ्यास किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय तटरक्षक बल ने देश के समुद्रतटीय हितों की रक्षा करने और सुरक्षा खतरों को लेकर एजेंसियों की सामूहिक प्रतिक्रिया का परीक्षण करने के लिए अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर गोवा और महाराष्ट्र के तट पर एक अभ्यास किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पणजी, 17 अक्टूबर भारतीय तटरक्षक बल ने देश के समुद्रतटीय हितों की रक्षा करने और सुरक्षा खतरों को लेकर एजेंसियों की सामूहिक प्रतिक्रिया का परीक्षण करने के लिए अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर गोवा और महाराष्ट्र के तट पर एक अभ्यास किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
तटरक्षक बल ने एक विज्ञप्ति में बताया कि दो दिवसीय ‘सागर कवच’ तटीय सुरक्षा अभ्यास बुधवार को शुरू हुआ।
तटरक्षक बल यहां भारतीय नौसेना, सीमा शुल्क, तटीय पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, मोरमुगाओ बंदरगाह प्राधिकरण और गोवा सरकार के मत्स्य पालन तथा बंदरगाह विभागों के कैप्टन के साथ समन्वय स्थापित कर यह अभ्यास कर रहा है।
तटरक्षक बल ने कहा, ‘‘व्यापक तटीय सुरक्षा अभ्यास का उद्देश्य हमारे देश की तटीय और समुद्री सुरक्षा को मजबूत तथा व्यापक करना है। एजेंसियों का संयुक्त रूप से अभ्यास पूरे समुद्र तट पर होता है, जिसमें विभिन्न समुद्री एजेंसियां और हितधारक शामिल होते हैं।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘यह अभ्यास समुद्री सुरक्षा खतरों जैसे घुसपैठ, तस्करी, समुद्री डकैती और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिक्रिया का परीक्षण करने तथा उसे बेहतर बनाने के लिए है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘यह संयुक्त अभ्यास हमारी तटरेखा की सुरक्षा और राष्ट्र के समुद्री हितों की रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।’’
अभ्यास के दौरान आतंकवादी खतरे तथा अन्य समुद्री जोखिम से निपटने के लिए विभिन्न प्रशिक्षण का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समुद्र तट पर 100 प्रतिशत प्रभावी गश्त हासिल करना और घुसपैठियों को रोकना है।
इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न हितधारकों के बीच जागरूकता और सूचना साझा करना भी है, ताकि एक एकीकृत तटीय सुरक्षा संचार योजना बनाई जा सके।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)