जरुरी जानकारी | कोल इंडिया का वित्त वर्ष 2024-25 में कोयला उत्पादन 78.1 करोड़ टन रहा, लक्ष्य से चूकी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 78.11 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया। यह कंपनी के वित्त वर्ष को लेकर तय किए गए लक्ष्य से लगभग सात प्रतिशत कम रहा।
नयी दिल्ली, एक अप्रैल सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 78.11 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया। यह कंपनी के वित्त वर्ष को लेकर तय किए गए लक्ष्य से लगभग सात प्रतिशत कम रहा।
वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सीआईएल का कोयला उत्पादन लक्ष्य 83.8 करोड़ टन था।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि हालांकि समीक्षाधीन अवधि में उसका कोयला उत्पादन सालाना आधार पर एक प्रतिशत बढ़ा है।
वहीं सीआईएल का कोयला उत्पादन मार्च में एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले 3.1 प्रतिशत घटकर 8.58 करोड़ टन रह गया।
वित्त वर्ष 2023-24 के इसी महीने में कंपनी का कोयला उत्पादन 8.86 करोड़ टन रहा था।
कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनियों में सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल), वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) शामिल हैं।
घरेलू उत्पादन में कोल इंडिया की हिस्सेदारी 80 फीसदी से अधिक है। वित्त वर्ष 2023-24 में कोल इंडिया ने सालाना आधार पर 11 प्रतिशत वृद्धि के साथ 77.36 करोड़ टन कोयला उत्पादन किया था।
कोल इंडिया लिमिटेड ने पहले ही कहा था कि वित्त वर्ष 2024-25 के लिए वास्तविक उत्पादन लक्ष्य 83.8 करोड़ टन से घटकर 80.6-81 करोड़ टन रहेगा।
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 86.8 करोड़ टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य रखा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2025 05:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

