एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | कोल इंडिया ने 2022-23 में 70 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य पार किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लि. (सीआईएल) ने वित्त वर्ष 2022-23 में 70 करोड़ टन के सालाना कोयला उत्पादन लक्ष्य को पार कर लिया है।

जरुरी जानकारी | कोल इंडिया ने 2022-23 में 70 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य पार किया

नयी दिल्ली, 31 मार्च सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया लि. (सीआईएल) ने वित्त वर्ष 2022-23 में 70 करोड़ टन के सालाना कोयला उत्पादन लक्ष्य को पार कर लिया है।

सीआईएल ने शुक्रवार को बयान में कहा कि कंपनी ने 30 मार्च (बृहस्पतिवार) तक 70.04 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया। यह एक साल पहले के इसी तारीख के 61.98 करोड़ टन से 13 प्रतिशत अधिक रहा।

इसमें कहा गया है, ‘‘कंपनी को 2022-23 में 70.36 करोड़ टन उत्पादन की उम्मीद है। पिछले वित्त वर्ष में इसने 62.26 करोड़ टन कोयला उत्पादन किया था।’’

सीआईएल ने कहा कि कंपनी के लिए 70 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य एक चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन हमारी सभी अनुषंगी कंपनियों ने अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए।

इस वित्त वर्ष में सालाना आधार पर उत्पादन में 8.1 करोड़ टन की वृद्धि हुई। यह वित्त वर्ष 2015-16 में उत्पादित 4.45 करोड़ टन की पिछली उच्च वृद्धि से लगभग दो गुना से भी ज्यादा है।

इस दौरान सीआईएल की ओडिशा स्थित अनुषंगी कंपनी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) का उत्पादन सालाना आधार पर 2.5 करोड़ टन बढ़ा। इस वित्त वर्ष के दौरान इसने 19.28 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया। यह सीआईएल के कुल उत्पादन का 27.5 प्रतिशत रहा।

वहीं सीआईएल की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड का उत्पादन 30 मार्च तक 2.43 करोड़ टन बढ़कर 16.6 करोड़ टन हो गया। इसने पिछले साल 14.25 करोड़ टन उत्पादन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 31, 2023 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).