देश की खबरें | एनडीएमसी स्वच्छता सर्वेक्षण में चुना गया 'सबसे स्वच्छ छोटा शहर'

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. एनडीएमसी द्वारा प्रशासित नई दिल्ली क्षेत्र को शनिवार को जारी ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2022’ रैंकिंग में एक से तीन लाख आबादी के शहरों की श्रेणी में ‘‘सबसे स्वच्छ छोटा शहर’’ घोषित किया गया है।

नयी दिल्ली, एक अक्टूबर एनडीएमसी द्वारा प्रशासित नई दिल्ली क्षेत्र को शनिवार को जारी ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2022’ रैंकिंग में एक से तीन लाख आबादी के शहरों की श्रेणी में ‘‘सबसे स्वच्छ छोटा शहर’’ घोषित किया गया है।

‘स्वच्छ सर्वेक्षण’ स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता पर केंद्र का वार्षिक सर्वेक्षण है।

पिछले साल भी, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) को समान जनसंख्या श्रेणी में सबसे स्वच्छ छोटे शहर का पुरस्कार दिया गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अन्य भी मौजूद थे।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में, दिल्ली छावनी बोर्ड देशभर में छावनी बोर्डों की श्रेणी में पांचवें स्थान पर है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में इसे तीसरा स्थान मिला था।

एनडीएमसी के एक बयान में कहा गया है, ‘‘एनडीएमसी को स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में एक से तीन लाख की जनसंख्या श्रेणी में स्वच्छ छोटे शहर के साथ-साथ पांच सितारा कचरा मुक्त शहर रैंकिंग और ‘वाटर प्लस’ प्रमाणित शहर से सम्मानित किया गया है।’’

यह पुरस्कार एनडीएमसी के अध्यक्ष भूपिंदर एस. भल्ला और सचिव विक्रम सिंह मलिक ने प्राप्त किया।

भल्ला ने कहा कि पुरस्कार मिलने का श्रेय एनडीएमसी के सभी कर्मचारियों विशेषकर स्वास्थ्य विभाग की कड़ी मेहनत को जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\