एजेंसी न्यूज

आसनसोल में पृथक वास केन्द्र बनाए जाने को लेकर झड़प, पांच पुलिसकर्मी घायल

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निकाय यहां के स्वास्थ्य केन्द्र को पृथक वास केन्द्र में तबदील कर रहा है।

आसनसोल में पृथक वास केन्द्र बनाए जाने को लेकर झड़प, पांच पुलिसकर्मी घायल
जमात

आसनसोल (पश्चिम बंगाल), 14 अप्रैल पृथक वास केन्द्र बनाए जाने को लेकर आसनसोल जिले के चारुलिया में स्थानीय लोगों के साथ हुई झड़प में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय निकाय यहां के स्वास्थ्य केन्द्र को पृथक वास केन्द्र में तबदील कर रहा है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर जब स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकाय के अधिकारी मौका-मुआयना करने पहुंचे तो स्थानीय लोग वहां एकत्र हो गए और धक्का-मुक्की करने लगे।

आसनसोल पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और अपशब्द कहे जिसके बाद उन्होंने पुलिस को बुलाया।

उन्होंने बताया कि पुलिस दल को पहुंचते देख स्थानीय लोगों ने उनके वाहनों पर पत्थर फेंके।

उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए हमें लाठी चार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।’’

अधिकारी ने बताया कि चारुलिया थाने के प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि हमें कुछ स्थानीय लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2020 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).