देश की खबरें | असम में दो परिवारों के बीच झड़प % तीन लोगों की मौत, सात घायल

बारपेटा (असम), 14 फरवरी असम के बारपेटा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई) के तहत एक घर के निर्माण को लेकर दो परिवारों के बीच हुई झड़प में पिता-पुत्र और 70 वर्षीय एक महिला समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक यह घटना सरभोग के कालबाड़ी इलाके में उस समय हुई जब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत घर पाने वाला एक परिवार नदी के किनारे से ईंटें ला रहा था और दूसरे परिवार ने उन्हें ऐसा करने से रोका।

पुलिस अधिकारी के अनुसार जब पीएमएवाई लाभार्थी परिवार से संबंधित पिता-पुत्र ने उनकी ओर से हस्तक्षेप किया, तो दूसरे परिवार ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे 57 वर्षीय व्यक्ति और उसके 26 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में मृतक के परिवार के सदस्यों ने दूसरे परिवार पर हमला किया और उनके घर में आग लगा दी, जिससे 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमले और उसके बाद आग लगने की घटना में सात अन्य लोग घायल हो गए।

बारपेटा के पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिन्हा मौके पर पहुंचे और उसके बाद किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए इलाके में पुलिस बल की एक बड़ी टुकड़ी तैनात कर दी गई।

घायलों का पास के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिए बारपेटा के फखरुद्दीन अली अहमद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)