देश की खबरें | राहत कार्यों का जायजा लेने कोझिकोड पहुंचे नागर विमानन मंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राहत कार्यों का जायजा लेने शनिवार को कोझिकोड पहुंचे।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, आठ अगस्त नागर विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद राहत कार्यों का जायजा लेने शनिवार को कोझिकोड पहुंचे।

शुक्रवार शाम केरल के कोझिकोड हवाईअड्डा पर यह हादसा हुआ था, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।

यह भी पढ़े | दिल्ली राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र का उद्घाटन: पीएम मोदी लोगों से चर्चा करते हुए 8 अगस्त की तारीख को ऐतिहासिक दिन बताया : 8 अगस्त 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

केंद्रीय मंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि वह “नागर विमानन के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों” के साथ विचार-विमर्श करेंगे।

पुरी कोझिकोड मेडिकल कॉलेज जाने से पहले हवाईअड्डे पर दुर्घटनास्थल पर गये। अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सकों ने उन्हें और विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन को उपचार के लिये भर्ती घायल लोगों के स्वास्थ्य के बारे में बताया।

यह भी पढ़े | Air India Express के मृत पायलटों के परिवारों को कोझिकोड ले जाया गया: एअर इंडिया.

पुरी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान का डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) बरामद कर लिया गया है। ‘विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो’ (एएआईबी) जांच कर रहा है।”

दुबई से आ रहा एअर इंडिया एक्सप्रेस का एक विमान शुक्रवार शाम सात बज कर 40 मिनट पर भारी बारिश के बीच केरल के कोझिकोड हवाईअड्डे पर उतरने के दौरान हवाईपट्टी से फिसल गया और 35 फुट गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में उसके दो टुकड़े हो गए। विमान में 190 लोग सवार थे , जिनमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक अधिकारी ने कहा कि ये उपकरण (डीएफडीआर और सीवीआर) विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो के पास हैं और इन्हें आगे की जांच के लिए दिल्ली भेजा जाएगा।

पुरी ने दोपहर करीब साढ़े बारह बजे ट्वीट किया, “कल शाम हुई हवाई दुर्घटना के बाद राहत कार्यों के क्रियान्वयन एवं स्थिति का जायजा लेने के लिए कोझिकोड पहुंचा हूं।”

मंत्री ने कहा, “कल शाम कोझिकोड में हुई विमान दुर्घटना में मरने वाले 18 लोगों के परिवार एवं दोस्तों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।”

उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

दोपहर तीन बज कर 47 मिनट पर पुरी ने ट्विटर पर कहा कि वह मुरलीधरन के साथ कोझिकोड मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल गये।

उन्होंने कहा, ‘‘वरिष्ठ चिकित्सकों ने उपचार के लिये भर्ती विभिन्न लोगों की स्थिति से अवगत कराया। विभिन्न अस्पतालों में 149 लोगों को भर्ती कराया गया है। 23 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई जबकि तीन को गंभीर चोटें आई हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\