खेल की खबरें | क्रिस्टी कोवेंट्री बनी आईओसी अध्यक्ष, वैश्विक ओलंपिक संस्था का नेतृत्व करने वाली पहली महिला

जिम्बाब्वे की खेल मंत्री और ओलंपिक में दो बार की स्वर्ण पदक विजेता तैराक क्रिस्टी (41 वर्ष) ने आईओसी सदस्यता में 97 आईओसी सदस्यों द्वारा मतदान के बाद सात उम्मीदवारों की प्रतिस्पर्धा में पहले दौर में शानदार जीत हासिल की।

उन्हें 2033 तक आठ साल का कार्यकाल मिला है।

आईओसी अध्यक्ष पद के लिए यह दशकों में सबसे खुला और मुश्किल से तय होने वाला चुनाव था जिसमें मतदान से पहले स्पष्ट रूप से कोई आगे नहीं था। कई ने भविष्यवाणी की थी कि पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए कई दौर के मतदान की जरूरत हो सकती है।

कोवेंट्री की जीत निवर्तमान आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाक की भी जीत थी क्योंकि वह लंबे समय से उन्हें अपने उत्तराधिकारी के रूप में बढ़ावा देते हुए दिख रहे थे। बाक ने अपने मतदान के अधिकार का उपयोग नहीं किया।

कोवेंट्री ने अध्यक्ष चुने जाने के बाद कहा, ‘‘मैं आप सभी को गौरवान्वित करूंगी और उम्मीद है कि आप अपने द्वारा लिए गए निर्णय पर बहुत आश्वस्त होंगे। अब हमें मिलजुलकर काम करना होगा।’’

पोडियम पर जाते समय उन्हें जुआन एंटोनियो समारांच ने बधाई दी और दोनों गालों पर चूमा। समारांच उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी थे जिन्हें 28 वोट मिले।

चुनाव में अध्यक्ष पद की इस दौड़ में खेल संचालन संस्थाओं के चार अध्यक्ष भी शामिल थे जिसमें ट्रैक और फील्ड के सेबेस्टियन को (आठ वोट), स्कीइंग के जोहान एलियाश, साइक्लिंग के डेविड लैपर्टिएंट और जिमनास्टिक के मोरिनारी वतनबे।

जॉर्डन के राजकुमार फैसल अल हुसैन भी इस दौड़ में शामिल थे।

कोवेंट्री 23 जून को आधिकारिक तौर पर ओलंपिक दिवस पर अपने मेंटोर बाक की जगह लेंगी। वह 131 साल के इतिहास में 10वीं आईओसी अध्यक्ष होंगी।

बाक इस पद पर अधिकतम 12 साल तक काबिज रहे।

कोवेंट्री के लिए मुख्य चुनौतियां लॉस एंजिल्स में 2028 ओलंपिक खेलों की ओर राजनीतिक और खेल मुद्दों के माध्यम से ओलंपिक आंदोलन को आगे बढ़ाना होगा जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ कूटनीति में शामिल होना भी शामिल है।

उन्हें 2036 ओलंपिक खेलों के लिए भी मेजबान ढूंढना होगा जो भारत या मध्य पूर्व में हो सकता है।

कोवेंट्री ने 2004 के एथेंस ओलंपिक और चार साल बाद बीजिंग में 200 मीटर बैकस्ट्रोक में लगातार खिताब जीते।

वह लंदन ओलंपिक में विवादित एथलीट चुनाव के लगभग एक साल बाद 2013 में आईओसी में शामिल हुईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)