देश की खबरें | जेपी ग्रींस सोसायटी में कई दिनों तक ठहरे थे गिरफ्तार चीनी जासूस : पुलिस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत-नेपाल सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) द्वारा पकड़े गए दो चीनी जासूस उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में जेपी ग्रींस सोसायटी में कई दिनों तक ठहरे थे। पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई है।

नोएडा (उप्र), 12 जून भारत-नेपाल सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) द्वारा पकड़े गए दो चीनी जासूस उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में जेपी ग्रींस सोसायटी में कई दिनों तक ठहरे थे। पुलिस की जांच में यह जानकारी सामने आई है।

अब तक की जांच में पता चला है कि दोनों के ठहरने की व्यवस्था उनके कैरी नामक एक दोस्त ने की थी।

पुलिस को अभी तक सोसायटी के उस फ्लैट का नंबर नहीं पता चल सका है, जिसमें दोनों ठहरे थे। चीनी जासूस के दोस्त तक पहुंचने के लिए पुलिस विदेश से नोएडा आए नागरिकों का डाटा खंगाल रही है। पुलिस जेपी ग्रींस सोसायटी में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे कि पता चल सके दोनों चीनी जासूस की यहां ठहरने के दौरान क्या गतिविधि रही।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) लव कुमार ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए दोनों चीनी जासूस की पहचान लु लैंग (30) और तो यूं हेलंग (34) के रूप में हुई है।

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सीतामढ़ी की सुरसंड थाना पुलिस से संपर्क किया है। वर्तमान में दोनों चीनी जासूस सुरसंड थाना पुलिस की हिरासत में है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों चीनी जासूसों ने अपने दोस्त के साथ कई अलग-अलग स्थानों का भ्रमण किया है।

गौतम बुद्ध नगर में कई चाइनीस इलेक्ट्रॉनिक्स एवं निर्माण फैक्ट्री है। इनमें बड़ी संख्या में चीनी नागरिक कार्यरत हैं। पुलिस ने आशंका जतायी है कि दोनों का दोस्त भी किसी फैक्ट्री में कार्यरत हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, दोनों चीनी जासूसों के पास भारतीय वीजा भी नहीं था इसके बाद भी वह शहर में कई दिनों तक आराम से ठहरे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\