(के जे एम वर्मा)
बीजिंग, पांच मई चीन के विदेश मंत्री छिन कांग ने शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों से सुरक्षा सहयोग को गहरा करने, आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद का संयुक्त रूप से मुकाबला करने तथा रणनीतिक स्वतंत्रता बनाए रखने का आह्वान किया।
गोवा के बेनौलिम में एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में अपने संबोधन में, छिन ने परोक्ष रूप से अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि दुनिया कई संकटों और चुनौतियों का सामना कर रही है, जिसमें शीत युद्ध की मानसिकता का उभार, एकतरफा संरक्षणवाद के साथ बढ़ते आधिपत्यवाद की प्रवृत्ति शामिल हैं।
उन्होंने साझा भविष्य के साथ एससीओ समुदाय में निकटता के लिए पांच सूत्री प्रस्ताव रखा। इसमें से एक प्रस्ताव यह था कि सदस्य देशों को सुरक्षा सहयोग को गहरा करना चाहिए और संयुक्त रूप से आतंकवाद का मुकाबला करना चाहिए।
‘शिन्हुआ’ समाचार एजेंसी के मुताबिक छिन ने बैठक में कहा, ‘‘एससीओ के सदस्यों को आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद, मादक पदार्थों की तस्करी तथा अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराधों पर संयुक्त रूप से कार्रवाई जारी रखना चाहिए। समावेशी राजनीतिक ढांचा स्थापित करने में अफगानिस्तान का समर्थन करना चाहिए और आतंकवाद के किसी भी रूप का मुकाबला करना चाहिए।’’
छिन का प्रस्ताव महत्वपूर्ण है क्योंकि एससीओ ने पिछले वर्षों में एक मजबूत आतंकवाद रोधी बल विकसित किया है जिसे क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी ढांचा (आरएटीएस) कहा जाता है। इसे संगठन की मुख्य ताकत में से एक माना जाता है।
छिन ने कहा कि एससीओ सदस्यों को संप्रभुता, सुरक्षा और विकास हितों की रक्षा में एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए और क्षेत्रीय मुद्दों में हस्तक्षेप करने या देश में प्रदर्शनों को भड़काने वाली बाहरी ताकतों का विरोध करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एससीओ सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय आर्थिक व्यवस्था और बाजार के नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी कदम का दृढ़ता से विरोध करना चाहिए, ताकि सुचारू और स्थिर औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखला सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की नयी पहल वैश्विक विकास पहल (जीडीआई) वैश्विक सुरक्षा पहल (जीएसआई) और वैश्विक सभ्यता पहल (जीसीआई) को भी रेखांकित किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY