जरुरी जानकारी | मई में चीन का निर्यात 4.8 प्रतिशत की धीमी रफ्तार से बढ़ा, अमेरिका को खेप में 35 प्रतिशत की गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. इससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता का नया दौर सोमवार को लंदन में शुरू होने वाला है।

इससे दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता का नया दौर सोमवार को लंदन में शुरू होने वाला है।

पिछले महीने चीन के कुल निर्यात में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो उम्मीद से कम है। अप्रैल में सालाना आधार पर चीन का निर्यात 8.1 प्रतिशत बढ़ा था। मई में चीन का आयात 3.4 प्रतिशत घट गया। इससे चीन का व्यापार अधिशेष 103.2 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।

चीन ने मई में अमेरिका को 28.8 अरब अमेरिकी डॉलर का निर्यात किया, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 44 अरब अमेरिकी डॉलर था।

सीमा शुल्क विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका से इसका आयात घटकर 10.8 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया है।

इसके बावजूद दक्षिण-पूर्व एशिया और यूरोपीय संघ को निर्यात मजबूत रहा, और इसमें सालाना आधार पर क्रमश: 14.8 प्रतिशत और 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई। थाइलैंड, वियतनाम और इंडोनेशिया को निर्यात में तेजी से वृद्धि हुई। जर्मनी को निर्यात 12 प्रतिशत से अधिक बढ़ गया। आईएनजी इकनॉमिक्स की लिन सॉन्ग ने एक टिप्पणी में कहा, ‘‘अन्य अर्थव्यवस्थाओं को निर्यात में तेजी ने व्यापार युद्ध के बावजूद चीन के निर्यात को अपेक्षाकृत तेजी से बढ़ने में मदद की है।’’

कई कंपनियों ने ऊंचे शुल्क से बचने के लिए साल की शुरुआत में ऑर्डर दिए थे।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुल्क में भारी बढ़ोतरी को टालने के लिए चीन के साथ एक समझौता किया है। इसके बावजूद चीन का निर्यात प्रभावित हुआ है।

अमेरिका और चीन के बीच अगले दौर की बातचीत सोमवार को में लंदन में होनी है।

पिछले सप्ताह ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी चिनपिंग के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। मई की शुरुआत में दोनों देश एक-दूसरे पर लगाए गए शुल्क को 90 दिन के लिए स्थगित करने पर सहमत हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\