विदेश की खबरें | चीन, पाकिस्तान मीडिया सहयोग बढ़ाएंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. चीन और पाकिस्तान ने फर्जी खबरों से निपटने और संयुक्त प्रसारण परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त मीडिया सहयोग पर बृहस्पतिवार को सहमति व्यक्त की।
बीजिंग, 10 जुलाई चीन और पाकिस्तान ने फर्जी खबरों से निपटने और संयुक्त प्रसारण परियोजनाओं में सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त मीडिया सहयोग पर बृहस्पतिवार को सहमति व्यक्त की।
पाकिस्तान की सरकारी मीडिया के अनुसार, पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री अताउल्लाह तरार ने सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना (सीपीसी) के प्रचार विभाग के उप प्रमुख काओ शूमिन से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच मीडिया सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
तरार सीपीसी द्वारा आयोजित ‘‘वैश्विक सभ्यता संवाद’’ की मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेने के लिए बीजिंग में हैं।
पाकिस्तान की सरकारी समाचार एजेंसी एपीपी की खबर के अनुसार, तरार और काओ, जो चीन के राष्ट्रीय रेडियो और टेलीविजन प्रशासन के मंत्री भी हैं, ने संयुक्त प्रस्तुतियों के माध्यम से सहयोग को व्यापक बनाने, दुष्प्रचार का मुकाबला करने, प्रशिक्षण पहल शुरू करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की।
तरार ने डिजिटल मीडिया, लोक सेवा प्रसारण और सांस्कृतिक सामग्री प्रचार में चीन की विशेषज्ञता की सराहना करते हुए उसे सराहनीय बताया।
दोनों पक्ष अपने-अपने सरकारी मीडिया संगठनों के बीच सहयोग और संयुक्त प्रसारण परियोजनाओं का विस्तार करने पर सहमत हुए। खबर में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य फर्जी खबरों और दुष्प्रचार का प्रभावी ढंग से मुकाबला करना है।
दोनों नेताओं ने तकनीकी प्रशिक्षण और संस्थागत सहयोग की योजनाओं के साथ-साथ फर्जी खबरों के खिलाफ एकजुट रुख का भी समर्थन किया। उन्होंने सूचना के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने और मीडिया सहयोग को मजबूत करने के लिए सरकारी चाइना सेंट्रल टेलीविजन (सीसीटीवी) और आधिकारिक पाकिस्तान टेलीविजन (पीटीवी) के बीच प्रस्तावित समझौते पर भी चर्चा की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 10, 2025 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

