ताजा खबरें | चीन ने हमारी जमीन का अतिक्रमण कर लिया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुप हैं : खरगे

शिमला, 25 मई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को आरोप लगाया कि चीन ने भारत की जमीन का अतिक्रमण कर लिया तथा मकान और सड़कें बना रहा है लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चुप हैं।

खरगे ने हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री पर कटाक्ष किया और पूछा कि ‘‘56 इंच का सीना’’ कहां है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी देश के लोगों और संविधान को बचाने के लिए लड़ रही है। उन्होंने कहा कि अगर संविधान नहीं बच पाया तो लोकतंत्र और उसके तहत मिले अधिकार छीन लिये जाएंगे।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अमीरों का समर्थन करती है, जबकि कांग्रेस गरीबों के साथ है।

खरगे ने कहा कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने बुनियादी ढांचा बनाया जिससे गरीबों को मदद मिली, लेकिन मोदी कांग्रेस से 55 साल का हिसाब मांग रहे हैं।

उन्होंने कहा, “हम पाई-पाई का हिसाब देंगे, लेकिन पहले मोदी अपने कार्यकाल का हिसाब दें।”

खरगे ने कहा, ‘‘हमने पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई लड़ी और बांग्लादेश को आजादी दिलाई। चीन ने हमारी जमीन का अतिक्रमण कर लिया तथा मकान और सड़कें बना रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी चुप हैं। 56 इंच का सीना कहां है?’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने 2023 की बाढ़ के बाद हिमाचल प्रदेश सरकार को कथित तौर पर सहायता नहीं देने के लिए भी केंद्र पर हमला बोला।

खरगे ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बाढ़ के बाद केंद्र से 10,000 करोड़ रुपये की सहायता मांगी थी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली।

शिमला (आरक्षित) संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी के समर्थन में रैली करते हुए पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सेब उत्पादकों को लाभकारी रिटर्न सुनिश्चित करने का वादा किया था। लेकिन उन्होंने आयात शुल्क घटा दिया।

खरगे ने आरोप लगाया, “मोदी झूठ बोलते हैं। वह कहते कुछ हैं और करते कुछ हैं।”

उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें 15 लाख रुपये मिले, जो प्रधानमंत्री मोदी ने स्विस बैंकों में जमा काला धन भारत वापस लाकर देने का वादा किया था, क्या 20 करोड़ नौकरियां दी गईं और क्या किसानों की आय दोगुनी हुई।

खरगे ने कहा कि बुलेट ट्रेन की लागत एक लाख करोड़ रुपये से बढ़कर तीन लाख करोड़ रुपये हो गई है और अभी तक इसका निर्माण नहीं हुआ है।

उन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर सत्ता में आने पर सरकारी पदों की 30 लाख रिक्तियां भरने का वादा किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)