देश की खबरें | जयपुर में बच्चों ने सार्वजनिक जगहों को संवारने की पहल शुरू की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान की राजधानी जयपुर में बच्चों और किशोरों के एक समूह ने डब्ल्यूआरआई इंडिया और मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से रविवार को भोमिया बस्ती सामुदायिक पार्क को अपनी कला से संवारने की पहल शुरू की।
जयपुर, दो मार्च राजस्थान की राजधानी जयपुर में बच्चों और किशोरों के एक समूह ने डब्ल्यूआरआई इंडिया और मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से रविवार को भोमिया बस्ती सामुदायिक पार्क को अपनी कला से संवारने की पहल शुरू की।
समूह ने पार्क में बेहतर कचरा प्रबंधन और बैठने की आरामदायक व्यवस्था के अलावा ऐसी जगह बनाने पर काम किया, जिससे आराम, खेलकूद, सामुदायिक सहभागिता और व्यायाम करना आसान हो।
इन किशोर-किशोरियों ने पार्क को बेहतर बनाने के लिए कम लागत के सामान का इस्तेमाल किया है, जिससे यहां कारगर समाधानों का प्रदर्शन किया जा सके।
कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान जयपुर नगर निगम (हेरिटेज) की महापौर कुसुम यादव ने कहा, "जब मैं यहां आई, तो एक किशोरी ने मुझे पार्क के विभिन्न हिस्सों के बारे में बताया। मुझे अच्छा लगा कि हर स्थान को युवाओं की इच्छाओं के आधार पर डिजाइन किया गया है, चाहे वह चलने के रास्ते हों या बैठने की जगहें हों या सेल्फी पॉइंट हों।
उन्होंने कहा, "इस कार्यक्रम के जरिये शहर के किशोर बेहतर भविष्य के लिए नवीन विचार पेश कर रहे हैं। आज पार्क में कई माताएं और बेटियां हमारे साथ हैं। मेरी राय में जब महिलाएं किसी पहल का हिस्सा होती हैं, तो इसका सफल होना तय है।"
शहर के अन्य हिस्सों में सार्वजनिक जगहों के विकास के बारे में यादव ने कहा, "नगर निगम टिकाऊ और दीर्घकालिक समाधानों को आगे बढ़ाने के लिए सहयोग देगा।"
जयपुर नगर निगम (हेरिटेज) के वार्ड पार्षद भूपेंद्र कुमार मीणा ने कहा, "करीब आठ दिन पहले इस पार्क की छवि बहुत अलग थी। मैजिक बस इंडिया फाउंडेशन ने इसे पूरी तरह बदल दिया है। यह आपका स्थान है, आपका घर है, आपका भविष्य है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)