देश की खबरें | मुख्यमंत्री विजयन तीन फरवरी को 30 नयी स्मार्ट आंगनवाड़ियों का उद्घाटन करेंगे

तिरुवनंतपुरम, दो फरवरी केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन तिरुवनंतपुरम में बच्चों के लिए बनाई गईं अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस 30 नयी स्मार्ट आंगनवाड़ियों का तीन फरवरी को उद्घाटन करेंगे।

मुख्यमंत्री यहां एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए इनका उद्घाटन करेंगे।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज समारोह की अध्यक्षता करेंगी।

जॉर्ज ने कहा कि राज्य में आंगनवाड़ियों को बच्चों के अनुकूल बनाने तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायता करने के प्रयासों के तहत इन्हें स्मार्ट आंगनवाड़ी में बदला गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक 189 स्मार्ट आंगनवाड़ियों के निर्माण की मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से 89 को पहले ही खोल दिया गया है।

जॉर्ज ने बताया, ‘‘इनके अलावा 30 नयी आंगनवाड़ियां भी शुरू की जा रही हैं। इसके साथ ही राज्य में स्मार्ट आंगनवाड़ियों की संख्या 117 हो जाएंगी।’’ उन्होंने बताया कि स्मार्ट आंगनवाड़ियों को बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित करने के लिए सुविधाओं के साथ डिजाइन किया गया है।

मंत्री ने विज्ञप्ति में बताया कि प्रत्येक केंद्र में एक अध्ययन कक्ष, भोजन कक्ष, शौचालय, रसोईघर, भण्डार कक्ष, खेल क्षेत्र, एक हॉल और एक उद्यान शामिल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)