देश की खबरें | मुख्यमंत्री विजयन को विदेश जाने से पहले मंत्री वीना जॉर्ज का इस्तीफा मांग लेना चाहिए था: कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को विदेश जाने से पहले स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से इस्तीफ़ा मांग लेना चाहिए था।
तिरुवनंतपुरम/पलक्कड़, पांच जुलाई कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को विदेश जाने से पहले स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज से इस्तीफ़ा मांग लेना चाहिए था।
कांग्रेस का आरोप है कि मंत्री ने लापरवाही और गंभीर गलतियां की हैं।
विपक्षी कांग्रेस दो दिन पहले कोट्टायम मेडिकल कॉलेज का एक हिस्सा ढहने से एक महिला की मौत के मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने पलक्काड में कांग्रेस की महिला शाखा द्वारा शुरू किए गए प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री के इलाज के लिए विदेश जाने पर आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि पिनराई विजयन विदेश रवाना होने से पहले स्वास्थ्य मंत्री से इस्तीफा मांगेंगे।
उन्होंने कहा, "मैंने सोचा था कि सरकार इस बात पर भी ध्यान देगी कि गरीब लोग इलाज के लिए अमेरिका या ब्रिटेन नहीं जा सकते।"
उन्होंने माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन की एक दिन पहले की टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमें गोविंदन ने कहा था कि ये प्रदर्शन कांग्रेस पार्टी के चुनाव रणनीतिकार सुनील कनुगोलू के निर्देश पर किए जा रहे हैं।
चेन्निथला ने कहा कि प्रदर्शन से पहले भी तिरुवनंतपुरम सरकारी मेडिकल कॉलेज के एक सरकारी डॉक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ स्पष्ट आरोप लगाए थे।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वामपंथी सरकार ने अपने नौ साल के शासन के दौरान राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र को नष्ट कर दिया है।
चेन्निथला ने पूछा, "तो क्या विरोध प्रदर्शन अनावश्यक हैं?"
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने भी इसी तरह के आरोप लगाए और जॉर्ज के इस्तीफे की मांग दोहराई।
सतीशन ने यह भी आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में भारी भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन है और वह (विभाग) केवल पीआर तथा प्रचार-प्रसार के काम में लगा हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य विभाग 'वेंटिलेटर' पर है और जॉर्ज इसके लिए जिम्मेदार हैं।
विपक्षी नेता ने दावा किया कि वामपंथी पार्टी और सरकार मंत्री को बचाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस की महिला शाखआ ने जॉर्ज के इस्तीफे की मांग को लेकर पलक्कड़ जिला अस्पताल तक मार्च निकाला।
कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काला कपड़ा बांधकर जॉर्ज के इस्तीफे की मांग करते हुए बैनर और तख्तियां लेकर पलक्कड़ जिला अस्पताल तक मार्च किया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 52 वर्षीय महिला बिन्दु की मौत के लिए मंत्री जिम्मेदार हैं। प्रदर्शनकारियों ने घटना की न्यायिक जांच की भी मांग की।
तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस की युवा शाखा ने जॉर्ज के इस्तीफे की मांग करते हुए राज्य की राजधानी में उनके आधिकारिक आवास तक विरोध मार्च निकाला।
पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों से प्रदर्शनकारियों को रोका गया, लेकिन कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ता पानी की बौछारों के बावजूद पीछे नहीं हटे।
प्रदर्शनकारियों की वहां तैनात पुलिस के साथ भी झड़प हुई।
कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं ने पलक्कड़ जिला कलेक्ट्रेट के बाहर भी प्रदर्शन किया और जॉर्ज के इस्तीफे की मांग की तथा उनके खिलाफ नारे लगाए।
प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर में भी घुसने में सफल रहे। उनमें से कई को पुलिस ने बलपूर्वक वहां से हटा दिया।
कोट्टायम मेडिकल कॉलेज का एक हिस्सा ढहने से बिन्दु (52) की मौत हो गई थी और तीन अन्य - अलीना (11), अमल प्रदीप (20) और जिनु साजी (38) घायल हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 05, 2025 05:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

