एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | महाराष्ट्र में बेमौसमी बारिश से फसलों को नुकसान के बीच तेलंगाना में चुनाव प्रचार कर रहे मुख्यमंत्री शिंदे: उद्धव ठाकरे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने बेमौसम बारिश के कारण महाराष्ट्र में किसानों को हुए नुकसान के बीच विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पड़ोसी राज्य तेलंगाना के दौरे को लेकर मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा।

देश की खबरें | महाराष्ट्र में बेमौसमी बारिश से फसलों को नुकसान के बीच तेलंगाना में चुनाव प्रचार कर रहे मुख्यमंत्री शिंदे: उद्धव ठाकरे

मुंबई, 28 नवंबर शिवसेना (यूबीटी) के नेता उद्धव ठाकरे ने बेमौसम बारिश के कारण महाराष्ट्र में किसानों को हुए नुकसान के बीच विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पड़ोसी राज्य तेलंगाना के दौरे को लेकर मंगलवार को राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा।

शिंदे ने आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने नुकसान का संज्ञान लिया है, और 'जो लोग फेसबुक लाइव के माध्यम से सरकार चलाते हैं' उन्हें दूसरों को उपदेश नहीं देना चाहिए।

ठाकरे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की फसलों को हुए नुकसान के मुद्दे पर चर्चा के लिए तुरंत राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई जाए और किसानों को जल्द से जल्द सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बेमौसम बारिश के कारण छह लोगों की जान चली गई है, जबकि 100 मवेशी भी मारे गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र में अंगूर और प्याज की खेती करने वाले किसान भी बेमौसम बारिश से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब मौसम विभाग ने बेमौसम बारिश के बारे में पहले ही सतर्क कर दिया था तो राज्य मंत्रिमंडल ने क्या किया?

ठाकरे ने कहा कि उन्हें मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पिछले तीन-चार दिन से बेमौसम बारिश के कारण मराठवाड़ा, विदर्भ और उत्तरी महाराष्ट्र में करीब एक लाख हेक्टेयर में लगी फसल प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘ महाराष्ट्र में कोई सरकार नहीं है क्योंकि सभी लोग चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। अब सरकार बदलने का समय आ गया है।’’

शिवसेना (यूबीटी) नेता ने दावा किया, ‘‘जो व्यक्ति अपने घर (राज्य) की चिंता नहीं करता और दूसरे राज्य में जाकर दूसरी पार्टी के लिए प्रचार करता है वह सरकार चलाने के लायक नहीं है और उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है।’’

शिंदे की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए मंगलवार को तेलंगाना के दौरे पर रहे। तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान होगा। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भाजपा महाराष्ट्र में सहयोगी हैं।

ठाकरे ने कहा, ‘‘जो मुख्यमंत्री अपना घर नहीं संभाल सकता और दूसरों के घर में ताक-झांक कर रहा है, वह राज्य के साथ न्याय नहीं कर सकता।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार भी कार्रवाई करते नहीं दिख रहे हैं।

ठाकरे के आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिंदे ने पत्रकारों से कहा, "जो लोग फेसबुक लाइव के माध्यम से सरकार चलाते थे, उन्हें हमें उपदेश नहीं देना चाहिए। हमारे मंत्री, सांसद खेतों में किसानों से मिल रहे हैं और उनकी समस्याएं जानने की कोशिश कर रहे हैं। जिला कलेक्टरों को तुरंत पंचनामा (स्थल निरीक्षण) करने का निर्देश दिया गया है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2023 11:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).