नयी दिल्ली, 15 फरवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन अगर इसके लक्षणों की समय पर पहचान हो जाए तो उपचार संभव है।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह टिप्पणी यहां हरियाणा भवन में कैंसर को मात देने वाले बच्चों, उनके माता-पिता और चिकित्सकों से मुलाकात के दौरान की।
यह मुलाकात विश्व बाल कैंसर दिवस के अवसर पर हुई। मुख्यमंत्री ने कैंसर को मात देने वाले बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों ने सैनी को हाथों से बनाई कलाकृतियां भेंट कीं, जिस पर उन्होंने हस्ताक्षर किए और साथ ही इस गंभीर बीमारी के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता लाने का संदेश भी दिया।
उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे हर आयु वर्ग के लोग प्रभावित हो रहे हैं।
सैनी ने कहा कि इस बीमारी को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाना बहुत जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ आए गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल के चिकित्सकों से भी बातचीत की और बच्चों को इस गंभीर बीमारी से उबरने में मदद करने के उनके प्रयासों की सराहना की।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में बताया गया कि सरकार कैंसर के बारे में जागरूकता बढ़ाने और इससे प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है।
बयान के मुताबिक, राज्य में कैंसर रोगियों को हरियाणा राज्य परिवहन की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है, साथ ही सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों के तहत मासिक पेंशन भी दी जाती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY