एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | आत्मदाह की कोशिश करने वाली छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी लेने एम्स पहुंचे मुख्यमंत्री माझी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को कहा कि बालासोर में आत्मदाह की कोशिश करने वाली कॉलेज छात्रा की हालत गंभीर है और राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

देश की खबरें | आत्मदाह की कोशिश करने वाली छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी लेने एम्स पहुंचे मुख्यमंत्री माझी

भुवनेश्वर, 13 जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को कहा कि बालासोर में आत्मदाह की कोशिश करने वाली कॉलेज छात्रा की हालत गंभीर है और राज्य सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

माझी ने एम्स-भुवनेश्वर का दौरा करने के बाद यह बात कही, जहां 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा का इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘छात्रा की हालत गंभीर है और उसे दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसा ही इलाज दिया जा रहा है। उसके इलाज के लिए एक मेडिकल टीम गठित की गई है। छात्रा की हालत स्थिर होने के बाद सरकार उसे एयरलिफ्ट करने पर विचार करेगी।’’

मुख्यमंत्री रविवार को भुवनेश्वर पहुंचे और हवाई अड्डे से सीधे एम्स पहुंचे तथा कॉलेज छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली।

माझी ने कहा कि राज्य सरकार ने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग ने घटना की जांच के लिए पहले ही एक उच्च स्तरीय समिति गठित कर दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ समिति की रिपोर्ट उपलब्ध होते ही हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए भी कदम उठाएगी।

माझी ने अस्पताल में पीड़ित छात्रा के माता-पिता और परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। इससे पहले, ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग और उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने अस्पताल का दौरा किया।

ओडिशा के बालासोर जिले के एक महाविद्यालय की छात्रा ने यौन उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर शनिवार को कथित तौर पर शैक्षणिक संस्थान परिसर में खुद को आग लगा ली और इस घटना में वह 90 प्रतिशत तक जल गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर तब हुई जब पीड़ित छात्रा ने बालासोर स्थित फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज के प्राचार्य दिलीप घोष से मुलाकात की। उसने पहले शिक्षा शास्त्र के सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी और मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

ओडिशा सरकार ने महिला छात्रा द्वारा आत्मदाह के प्रयास पर संज्ञान लेते हुए कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षा विभाग के प्रमुख को निलंबित कर दिया।

उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि चूंकि घोष कॉलेज के प्राचार्य के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं, इसलिए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2025 06:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).