एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुख्यमंत्री राज्य का मालिक नहीं सेवक होता है, हम कानून से ऊपर नहीं : आदित्यनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कोई भी अगर नियम विरुद्ध आचरण करेगा तो उस पर देश का कानून लागू होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य का मालिक नहीं, सेवक होता है।

देश की खबरें | मुख्यमंत्री राज्य का मालिक नहीं सेवक होता है, हम कानून से ऊपर नहीं : आदित्यनाथ

लखनऊ, 23 मार्च दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि कोई भी अगर नियम विरुद्ध आचरण करेगा तो उस पर देश का कानून लागू होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य का मालिक नहीं, सेवक होता है।

यहां जारी एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी ने एक निजी टीवी चैनल के साथ बातचीत में यह बात कही।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, '' मुख्यमंत्री प्रदेश का मालिक नहीं होता। हमारा काम जनसेवक और कस्टोडियन (सरंक्षक) का होता है। कोई भी, फिर चाहे मैं ही क्यों न हूं, अगर (मैं) नियम विरुद्ध आचरण करूंगा तो मुझपर भी देश का कानून लागू होगा। कोई व्यक्ति या सरकार खुद को कानून से ऊपर मानने लगे तो ये गलत है।''

उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र है इसलिए अरविंद केजरीवाल बार-बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बन सके, मगर लोकतंत्र किसी व्यक्ति, पार्टी या संस्था को डकैती डालने की छूट नहीं देता ।

योगी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) एक स्वतंत्र नियामक संस्था है और केजरीवाल का मामला अदालत में है, इसे अब अदालत ही तय करेगी।

उन्होंने कहा, ''उप्र में जो भी परिवर्तन दिखाई देता है उसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश की जनता को दिया जाना चाहिए। प्रदेश के बारे में आज देश और दुनिया की धारणा बदली है। 2017 से पहले यहां के लोगों के सामने पहचान का संकट था। हर दूसरे दिन दंगा होता था। न बेटी सुरक्षित थी न व्यापारी। सुरक्षा की स्थिति बदतर थी। प्रदेश में विकास का माहौल नहीं था।''

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारों ने अपने परिवार का विकास किया। जातीयता के नाम पर प्रदेश को विभाजित किया गया। मगर, आज ये नये भारत का नया उप्र है, जो देश की उभरती हुई अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश है। यहां सर्वाधिक निवेश को धरातल पर उतारने का कार्य हुआ है।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने बताया कि वह अपना चुनावी अभियान मथुरा से प्रारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ''भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विकास की बात करती है, ध्रुवीकरण की राजनीति नहीं करती। हम लोकआस्था का सम्मान करते हैं। हम कर्फ्यू नहीं लगाते, कांवड़ यात्रा का मार्ग प्रशस्त करते हैं।''

उन्होंने कहा कि वह जितनी बार अयोध्या, मथुरा और काशी गये हैं, उतना कोई भी मुख्यमंत्री नहीं गया। यही कारण है कि 2017 से पहले की अयोध्या और अब की अयोध्या में संभावनाओं के मामले में 100 गुना ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। लाखों लोगों को रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने बदायूं की घटना को वीभत्स करार दिया और प्रदेश में हुई मुठभेड़ों पर कहा कि पुलिस नियमानुसार अपना काम करती है। बेटी और व्यापारी को कोई भी परेशान करेगा तो कानून का राज स्थापित करने के लिए जो भी उपाय है वो किया जाएगा।

बयान के मुताबिक आदित्यनाथ ने कहा कि कहा, ''हम हिन्दू आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं कर पाए, इसलिए शायद मुसलमानों के मन में जगह नहीं बना पाए।...हिन्दू भारत की मूल आत्मा है। उसका अपमान नहीं किया जा सकता...। हम देश की सुरक्षा और हिन्दू आस्था के सम्मान पर कोई समझौता नहीं कर सकते। ईश्वर की कृपा और जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 23, 2024 07:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).