एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | अगले महीने दावोस में डब्ल्यूईएफ में 100 भारतीय सीईओ के साथ शामिल होंगे मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अगले महीने दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक-2025 के लिए कम से कम तीन मुख्यमंत्री - देवेंद्र फडणवीस, चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी भारत के 100 से अधिक सीईओ और अन्य नेताओं के साथ शामिल होंगे।

जरुरी जानकारी | अगले महीने दावोस में डब्ल्यूईएफ में 100 भारतीय सीईओ के साथ शामिल होंगे मुख्यमंत्री और राज्यमंत्री

नयी दिल्ली, 22 दिसंबर अगले महीने दावोस में विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक-2025 के लिए कम से कम तीन मुख्यमंत्री - देवेंद्र फडणवीस, चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी भारत के 100 से अधिक सीईओ और अन्य नेताओं के साथ शामिल होंगे।

स्विस स्की रिसॉर्ट शहर में 20 जनवरी, 2025 से शुरू होने वाले पांच दिवसीय वार्षिक सम्मेलन के लिए नायडू के साथ उनके बेटे और आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश भी शामिल होंगे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, तमिलनाडु के मंत्री टी आर बी राजा और उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश खन्ना भी वहां मौजूद रहेंगे।

बैठक में कुछ वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों के भी शामिल होने की उम्मीद है, लेकिन उनके नामों को अभी अंतिम रूप दिया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से डब्ल्यूईएफ की पिछली वार्षिक बैठक में अश्विनी वैष्णव, स्मृति इरानी और हरदीप सिंह पुरी शामिल हुए थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी पहले इस बैठक में भाग ले चुके हैं, लेकिन इस उच्चस्तरीय शिखर सम्मेलन में उनकी भागीदारी के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस बार शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय 'मेधा युग के लिए सहयोग' होगा।

इस वार्षिक बैठक में विश्वभर से लगभग 50 राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के भाग लेने की संभावना है। यह बैठक अमेरिका में सत्ता परिवर्तन तथा यूक्रेन युद्ध और पश्चिम-एशिया संकट सहित विभिन्न भू-राजनीतिक और वृहद आर्थिक मुद्दों की पृष्ठभूमि में आयोजित की जा रही है।

भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप ने पहली बार 2018 में डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक में भाग लिया था।

इस वर्ष के शुरू में मोदी लगातार तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बने, जबकि ट्रंप 20 जनवरी को दूसरी बार पदभार ग्रहण करने वाले हैं और उनकी वापसी दावोस में चर्चा के प्रमुख विषयों में से एक रह सकती है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू कई बार दावोस जा चुके हैं, जबकि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी जनवरी, 2024 में भी डब्ल्यूईएफ की वार्षिक बैठक में शामिल हुए थे।

सरकारी नेताओं और नागरिक समाज के सदस्यों के अलावा, भारत से रिलायंस, टाटा, अदाणी, बिड़ला, भारती, महिंद्रा, गोदरेज, जिंदल, बजाज और वेदांता जैसे व्यापारिक समूहों के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2024 06:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).