एजेंसी न्यूज

Chhattisgarh: भ्रष्टाचार को लेकर राजनाथ का कांग्रेस सरकार पर हमला, कहा- हीरो नहीं जीरो है

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके लोग कहते हैं कि हम ही हीरो हैं, यह हीरो नहीं जीरो हैं और उन्हें विदा करने का समय आ गया है.

Chhattisgarh: भ्रष्टाचार को लेकर राजनाथ का कांग्रेस सरकार पर हमला, कहा- हीरो नहीं जीरो है
Rajnath Singh (Photo Credit: ANI)

सीतापुर(छत्तीसगढ़), 11 नवंबर : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार में हुए कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके लोग कहते हैं कि हम ही हीरो हैं, यह हीरो नहीं जीरो हैं और उन्हें विदा करने का समय आ गया है. रक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने पर तीन से चार वर्ष के भीतर वामपंथी उग्रवाद को यहां से समाप्त कर दिया जाएगा. सिंह ने सीतापुर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा, ''जब से राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में भूपेश बघेल की सरकार आई है तब से राज्य में भ्रष्टाचार इस सीमा तक बढ़ गया है कि 30 टका सीधे-सीधे ऊपर जाता है. यहां जिसे मिलता है केवल खाता है..ऐसी भूखी और भ्रष्ट सरकार आपने कभी देखी नहीं होगी.'' उन्होंने कहा, ''मैं आपसे सवाल करूं कि इनका रिपोर्ट कार्ड क्या है, तो आप लिख कर देंगे की जीरो बटा सन्नाटा. अच्छी सरकार देने में यह जीरो हैं, विकास करने में भी जीरो हैं, फिर भी कांग्रेस के लोग कहते हैं कि हम ही हीरो हैं. यह हीरो नहीं जीरो हैं. अब समय आ गया है कि इस कांग्रेस की सरकार को विदा कीजिए.''

रक्षा मंत्री ने राज्य में वामपंथी उग्रवाद को लेकर कहा कि पूर्व रमन सिंह की सरकार में यह समस्या काबू में थी लेकिन कांग्रेस शासन में वामपंथी उग्रवाद तेजी के साथ बढ़ा है. उन्होंने कहा, ''राज्य में वामपंथी उग्रवाद तेजी से बढ़ा है. राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद तीन से चार वर्ष में वामपंथी उग्रवाद को छत्तीसगढ़ से समाप्त कर देंगे.'' इस दौरान सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में धर्मांतरण बढ़ रहा है. भाजपा सत्ता में आई तब (जबरन) धर्मांतरण पर रोक लगाई जाएगी. उन्होंने कहा, ''मुझे जानकारी मिली है कि यहां तेजी से धर्मांतरण हो रहा है. यह चिंता का विषय है. प्रलोभन देकर क्यों किसी का धर्म परिवर्तन किया जाना चाहिए. मैं विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सरकार बनी तो धर्मांतरण पर प्रतिबंध लगाएंगे.'' यह भी पढ़ें : विजयेंद्र को कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने की उम्मीद नहीं थी: येदियुरप्पा

सिंह ने कहा, ''राज्य में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति ध्वस्त हो गई है. हत्या जैसे अपराध आम बात हो गए हैं. कई परिवारों की बेटियां गायब हो गई हैं जो एक बड़ी चुनौती है. मानव तस्करी और नशीली दवाओं का व्यापार बढ़ रहा है. राज्य से कांग्रेस को उखाड़ फेंकना जरूरी हो गया है.'' भाजपा ने राज्य के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के पूर्व कर्मचारी राम कुमार टोप्पो को कांग्रेस प्रत्याशी और मंत्री अमरजीत भगत के खिलाफ मैदान में उतारा है. सीतापुर उन 70 निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है, जहां 17 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा. राज्य में सात नवंबर को 20 सीटों पर पहले चरण का मतदान संपन्न हुआ है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 11, 2023 02:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).